शिवालिक गार्डन की खराब हाईमास्ट व अन्य लाइटें तुरंत ठीक करवाएं : राजबीर भारतीय



महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए शाम होते ही पार्क के सभी हिस्सों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित हो : ममता सिंह राजपूत

चंडीगढ़।मनीमाजरा 

मनीमाजरा के शिवालिक गार्डन में हाईमास्ट लाइटों तथा पार्क के अंदर और बाहर लगी कई लाइटों के पर्याप्त रूप से न जलने का मामला सामने आया है। ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ ने संबंधित विभागों से इस समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन की सचिव एवं समाजसेवी ममता सिंह राजपूत तथा कानूनी सलाहकार एडवोकेट अरुण कुमार वशिष्ट ने इस समस्या को एसोसिएशन के संज्ञान में लाया। उन्होंने बताया कि शाम ढलने के बाद पार्क के कुछ हिस्सों में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती, जिससे यहां सैर करने आने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुविधा होती है तथा सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

“किसी अप्रिय घटना का इंतजार न करे प्रशासन” : ममता सिंह राजपूत
ममता सिंह राजपूत व एडवोकेट अरूण वशिष्ट ने सयुंक्त बयान में कहा कि शिवालिक गार्डन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक सुबह-शाम सैर करने आते हैं। इसलिए पार्क में अंधेरे की स्थिति को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों से मांग की कि शिवालिक गार्डन की सभी हाईमास्ट लाइटों, पार्क के अंदर की लाइटों और पार्क की चारों दिशाओं में बाहर लगी लाइटों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। जो लाइटें खराब हैं, उनकी मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार उन्हें बदला जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि शाम होते ही पूरा पार्क पर्याप्त रोशनी में रहे।

“प्रकाश व्यवस्था केवल सुविधा नहीं, नागरिक सुरक्षा से जुड़ा विषय” : राजबीर सिंह भारतीय

एसोसिएशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य जनता-जनार्दन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाना है।
उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी विभाग पर आरोप लगाना उद्देश्य नहीं है, बल्कि जनहित में समयबद्ध कार्रवाई और स्थायी रखरखाव व्यवस्था की मांग की जा रही है।

राजबीर सिंह भारतीय ने संबंधित विभागों के सामने स्पष्ट रूप से निम्न कार्रवाई की मांग रखी—
शिवालिक गार्डन की सभी हाईमास्ट लाइटों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए।
पार्क के अंदर खराब पड़ी सभी लाइटों की मरम्मत अथवा आवश्यकता अनुसार उन्हें बदला जाए।
पार्क के चारों तरफ लगी बाहरी लाइटों की भी जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।
शाम के समय पूरे पार्क और उसके आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लाइटों की नियमित जांच और रखरखाव के लिए जिम्मेदार विभाग द्वारा स्थायी मेंटेनेंस व्यवस्था बनाई जाए।
लाइट खराब होने की शिकायत मिलने पर उसे समयबद्ध तरीके से ठीक करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि “जनता को किसी अप्रिय घटना का सामना करने के बाद व्यवस्था सुधारने के बजाय पहले से ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है। शिवालिक गार्डन में आने वाले प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए।”

नगर निगम व संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई का अनुरोध:
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम, हॉर्टिकल्चर विभाग, नगर निगम के बिजली विभाग तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या का संयुक्त रूप से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल खराब लाइटों को ठीक करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि भविष्य में लाइटें दोबारा खराब न रहें, इसके लिए नियमित निरीक्षण और रखरखाव की व्यवस्था भी जरूरी है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों राजबीर सिंह भारतीय, सुभाष धीमान, गुरमीत राणा, शमीम अहमद, पास्टर रॉबर्ट विलियम, गुरबचन लाल, अभिजीत सैनी, पूजा, ममता सिंह राजपूत, मंदीप, सैंकी, सतनाम सिंह बैंस, आरीफ हुसैन, एडवोकेट अरुण कुमार वशिष्ट, मनजीत सिंह, जोगेंद्र ठाकुर, रमेश चंद सिरसवाल तथा श्याम सुन्दर @ श्यामा ने संबंधित अधिकारियों से शिवालिक गार्डन की प्रकाश व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करवाने का अनुरोध किया।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चंडीगढ़ सेक्टर 8 डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने प्रस्तुत किया ‘रामायण दर्शन’, रामलीला के जरिए दिया सत्य और धर्म का संदेश

चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका: ब्लॉक अध्यक्ष और जिला सचिव समेत सैकड़ों समर्थक AAP में शामिल

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान