“वोट चोर, गद्दी छोड़! ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!” के नारों से गूंजा चंडीगढ़, आम आदमी पार्टी ने निकाला विरोध मार्च
आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ | 10 अक्टूबर 2026
चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ द्वारा मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर शनिवार को सेक्टर-17 स्थित नीलम प्लाज़ा से डीसी कार्यालय तक जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने किया। इस दौरान कोर कमेटी अध्यक्ष प्रेम गर्ग, नगर निगम पार्षदों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने “वोट चोर, गद्दी छोड़!”, “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो!” और “लोकतंत्र की हत्या बंद करो!” जैसे नारों के साथ चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। मतदाता सूचियों में नाम कटने या अन्य विसंगतियों से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को अपने मताधिकार से वंचित न होना पड़े। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
कोर कमेटी अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने कहा कि चुनाव आयोग को मतदाता सूची से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध समाधान करना चाहिए और विसंगतियों की जांच कर तथ्यों को सार्वजनिक करना चाहिए। पार्षद हरदीप सिंह, अंजू कटियाल, कुलदीप कुमार, योगेश ढींगरा और जसवीर सिंह लाडी ने भी मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग करते हुए शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की अपील की।
विरोध मार्च के दौरान डीसी कार्यालय की ओर बढ़ते समय पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़प होने की भी सूचना है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई। पार्टी ने इस घटनाक्रम पर रोष जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराना और मतदाताओं के अधिकारों की आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की कि मतदाता सूचियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पात्र मतदाताओं के नामों से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाए और किसी भी अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदारी तय की जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि उचित कार्रवाई नहीं होने पर वार्ड और बूथ स्तर तक जन-जागरूकता एवं विरोध अभियान जारी रखा जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में विजयपाल सिंह, प्रेम गर्ग, अंजू कटियाल, हरदीप सिंह, कुलदीप कुमार, योगेश ढींगरा, जसवीर सिंह लाडी, सनी औलख, जे. डी. घई, पी. पी. घई, मेवा लाल, गुरुदेव यादव, देशराज सनावर, सुनील सिंह, गोपाल रात्रि, किशन कुमार, ललित मोहन, सुशील गब्बर, हैप्पी जी, संदीप कुमार, अजीत सिंह , विक्रांत ए तंवर स्टेट मीडिया इंचार्ज, सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें