वार्ड नंबर 23 में विकास की नई रोशनी, 6 हाई इलेक्ट्रिक और 26 ग्लोब लाइटों का लोकार्पण
पार्षद प्रेम लता ने क्षेत्र को रोशन कर सुरक्षा और जनसुविधाओं को दी प्राथमिकता, पार्कों में अंधेरे से मिलेगी राहत
(पुनीत महाजन) चंडीगढ़। 11 अक्टूबर वार्ड नंबर 23 के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्थानीय पार्षद प्रेम लता ने क्षेत्र में 6 नई हाई इलेक्ट्रिक लाइटें और 26 ग्लोब लाइटें लगवाकर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन लाइटों के चालू होने से सेक्टर 34 और सेक्टर 43 के विभिन्न क्षेत्रों, पार्कों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी। इससे लोगों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिलने के साथ-साथ सुरक्षा भी मजबूत होगी।
पार्षद प्रेम लता के प्रयासों से लगवाई गई इन लाइटों में दो हाई इलेक्ट्रिक लाइटें श्री गुरुद्वारा साहिब, सेक्टर 34 के समीप स्थापित की गई हैं। सेक्टर 34-C की ग्रीन बेल्ट में दो हाई इलेक्ट्रिक लाइटों के साथ 12 नई ग्लोब लाइटें लगवाई गई हैं। इसी प्रकार सेक्टर 43 के रिहायशी क्षेत्र की ग्रीन बेल्ट में दो हाई इलेक्ट्रिक लाइटें और 14 ग्लोब लाइटें स्थापित की गई हैं।
क्षेत्र के निवासियों की लंबे समय से मांग थी कि पार्कों और आसपास के रास्तों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। विशेषकर सुबह-शाम सैर करने वाले बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य नागरिकों को अंधेरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता था। नई लाइटें चालू होने से क्षेत्रवासियों को इस समस्या से काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर पार्षद प्रेम लता ने कहा कि वार्ड नंबर 23 का सर्वांगीण विकास और नागरिकों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हाई इलेक्ट्रिक और ग्लोब लाइटें लगने से रात के समय लोगों का आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। साथ ही, वरिष्ठ नागरिकों को पार्कों में सैर करने और श्रद्धालुओं को गुरुद्वारा साहिब तथा मंदिर आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर निगम के एसडीओ राजदीप सिंह, एसडीओ राजदीप सूर्यवंशी, जेई राजदीप सिंह, सरदार मोहिंदर सिंह भल्ला, तेजाविन्दर सिंह गिल, वीरेंद्र पाल कलसी, रमणिक सिंह, आरती, मंजीत, शादी लाल और डीएस चीमा सहित सेक्टर 34, 35 और 43 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) के पदाधिकारी, गुरुद्वारा साहिब सेक्टर 34 के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य निवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में स्थानीय निवासियों ने वार्ड में विकास कार्यों को गति देने और जनसुविधाओं में सुधार के लिए पार्षद प्रेम लता का आभार व्यक्त किया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें