चंडीगढ़ वार्ड-21 में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज, बलविंदर ‘बल्ली’ ने घर-घर पहुंचकर सुनी लोगों की समस्याएं
पुनीत महाजन
चंडीगढ़, 3 अक्टूबर।
जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, चंडीगढ़ में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 21 (सेक्टर-47, गांव फैदां निजामपुर एवं बैरमाजरा) में कांग्रेस पार्टी के वार्ड अध्यक्ष बलविंदर सिंह ‘बल्ली’ ने घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कांग्रेस पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
बलविंदर ‘बल्ली’ ने कहा कि इस जनसंपर्क अभियान का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना तथा वार्ड के लोगों से सीधे संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन और उत्साह मिल रहा है। जनसंपर्क के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझने का अवसर मिल रहा है और वे संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वार्ड की बड़ी समस्याओं को लेकर वह लगातार माननीय सांसद मनीष तिवारी के संपर्क में रहते हैं और सांसद के माध्यम से वार्ड की विभिन्न समस्याओं का समाधान करवाने के लिए प्रयासरत हैं।
बलविंदर ‘बल्ली’ पिछले करीब 15 वर्षों से समाजसेवा से जुड़े हुए हैं और लगातार लोगों के बीच रहकर उनके सुख-दुख में भाग लेते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के माध्यम से लोगों की समस्याओं को उठाना और उनका समाधान करवाना है।
उन्होंने कहा कि इस बार वार्ड नंबर 21 महिला आरक्षित है, जिसके चलते वह अपने परिवार के लिए पार्टी से टिकट की मांग कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वह पूरी निष्ठा के साथ उसके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर वार्ड में पार्टी की जीत के लिए मेहनत करनी है और वार्ड नंबर 21 को कांग्रेस पार्टी की झोली में डालने का प्रयास किया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान के दौरान पूर्व वार्ड अध्यक्ष सुरेश मनचंदा, बलजीत संधू, गुरप्रीत ‘गुरी’, मनमंदिर सिंह, अभिजोत सिंह, जसविन्द्र ‘जिंदू’, मोहिंदर सिंह सहित वार्ड के अनेक लोग मौजूद रहे
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें