मोहाली में पर्यावरण प्रेमी एक मंच पर हुए एकत्रित, पेड़ों की कटाई के खिलाफ पुडा-गमाडा को दी शिकायत
मोहाली: पर्यावरण एवं प्रकृति प्रेमियों ने मोहाली में पेड़ों की कथित कटाई और प्राकृतिक वातावरण को हो रहे नुकसान के विरोध में एक मंच पर एकत्रित होकर रोष व्यक्त किया। इस दौरान पर्यावरण प्रेमियों की ओर से पुडा-गमाडा के अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
इस मौके पर एससी/बीसी महापंचायत के प्रधान बलविंदर सिंह कुंभड़ा ने कहा कि फेज-8 में बन रहे फिनिक्स मॉल के मालिकों की ओर से गुरुद्वारा अंब साहिब के पास स्थित ऐतिहासिक आम के पेड़ों को कथित रूप से बेरहमी से काटा गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी संबंधित विभागों एवं प्रशासन को लिखित शिकायतें दी गई थीं, लेकिन उनके अनुसार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के समक्ष उठाना पड़ा।
बलविंदर सिंह कुंभड़ा ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान माननीय हाईकोर्ट की ओर से 21 नवंबर 2025 को पंजाब में पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने संबंधी आदेश जारी किए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद आज तक पेड़ों एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियां जारी हैं और संबंधित मालिकों अथवा जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि पेड़ों और पर्यावरण की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बलविंदर सिंह कुंभड़ा ने कहा कि यदि न्यायालय के आदेशों की पालना सुनिश्चित नहीं की गई तो अब कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट (अदालत की अवमानना) की कार्रवाई के लिए कानूनी कदम उठाया जाएगा।
नेचर पार्क में पेड़ों की कटाई और कब्जे के प्रयास का भी आरोप
इस मौके पर एडवोकेट मनजीत सिंह झुलबट्टी ने कहा कि मोहाली के नेचर पार्क में बड़ी संख्या में लोग रोजाना सैर करने के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि वहां पेड़ों की कटाई तथा पार्क की जमीन पर कब्जा करने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है।
एडवोकेट मनजीत सिंह झुलबट्टी ने आरोप लगाया कि फिनिक्स मॉल के मालिक के ठेकेदार की ओर से नेचर पार्क की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई और इस दौरान कई पेड़ों को काटे जाने की बात सामने आई। इस संबंध में पार्क में सैर करने वाले लोगों की ओर से पुडा-गमाडा के अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी गई है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने एससी/बीसी महापंचायत की ओर से चलाए जा रहे मोर्चे का समर्थन करते हुए कहा कि कानूनी सलाह अथवा कानूनी खर्च की आवश्यकता पड़ने पर वह मोर्चे के साथ पूरी तरह खड़े रहेंगे।
इस मौके पर करम सिंह कुड़ी, मास्टर बनवारी लाल, गुरविंदर सिंह, बब्बल चोपड़ा, बापू लाबी सिंह, निबी परमजीत कौर, सुरिंदर सिंह, मलकीत सिंह और राजू सहित कई पर्यावरण प्रेमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पर्यावरण प्रेमियों ने प्रशासन से मांग की कि पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक पर्यावरण को हो रहे नुकसान से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही माननीय न्यायालय के आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें