वार्ड-4 में कांग्रेस नेताओं से सचिव अजय शर्मा की मुलाकात:नगर निगम चुनाव को लेकर मंथन, बोले—पार्टी जिसे टिकट दे, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर साथ दें:
चंडीगढ़, 30 सितंबर 2026।
चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी के सचिव अजय शर्मा ने वार्ड नंबर-4 का दौरा कर कांग्रेस पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र का कुशलक्षेम जाना तथा आगामी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान अजय शर्मा ने पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद एवं व्यक्तिगत हितों को पीछे रखते हुए संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में पार्टी हाईकमान जिस भी कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाए, सभी कांग्रेसजनों को निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर पार्टी प्रत्याशी का साथ देना चाहिए।
वार्ड-4 की बैठक में सभी ने पार्टी सचिव अजय शर्मा को अपनी बात रखते हुए कहा कि पार्टी प्रत्याशी स्थानीय और वार्ड-4 से जुड़ा हुआ होना चाहिए, ताकि वह क्षेत्र की समस्याओं और जनता की जरूरतों से भली-भांति परिचित हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्याशी का चयन करते समय पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रियता, जनसंपर्क और चुनाव लड़ने की क्षमता जैसे पहलुओं को ध्यान में रखना चाहिए।
बैठक में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वार्ड-4 से जुड़े स्थानीय मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी नगर निगम चुनाव की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया।
इस अवसर पर अजय शर्मा, सचिव चंडीगढ़ कांग्रेस, यूथ कांग्रेस के प्रवक्ता साहिल चांवर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनीमाजरा के उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी सुभाष धीमान, महिला नेत्री कमलेश तथा संदीप कुमार उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य संदेश रहा कि वार्ड-4 में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए सभी साथियों को साथ लेकर चलना और पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होकर कार्य करना आवश्यक है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें