सेक्टर 29 कम्युनिटी सेंटर निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप; ₹7.85 करोड़ के प्रोजेक्ट में पुरानी और काई लगी ईंटों के इस्तेमाल पर 'आप' ने विजिलेंस जांच की मांग की



चंडीगढ़:

आम आदमी पार्टी (आप) ने सेक्टर 29-सी में बन रहे कम्युनिटी सेंटर के पुनर्निर्माण कार्य में व्यापक भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भारतीय जनता पार्टी शासित नगर निगम और चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ कड़ा मोर्चा खोल दिया है। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब ₹7.85 करोड़ का नया टेंडर पास होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा नई इमारत की दीवारें खड़ी करने के लिए तोड़े गए पुराने ढांचे की सड़ी-गली, कमजोर और काई लगी ईंटों का बेधड़क इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसमें सीमेंट का नामोनिशान तक नहीं है।

आप चंडीगढ़ के ऑब्जर्वर विनीत वर्मा के साथ निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण करने के बाद आम आदमी पार्टी ट्रेड विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं वार्ड नंबर 10 (सेक्टर 27, 28 व 29) के नेता तरसेम मित्तल ने निगम प्रशासन और स्थानीय भाजपा पार्षद पर तीखा हमला बोला। मित्तल ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया और मेयर सौरभ जोशी द्वारा बड़े दावों के साथ किया गया था, लेकिन धरातल पर जनता के टैक्स के पैसे की खुली लूट मची हुई है। ₹8 करोड़ के भारी-भरकम बजट के बावजूद केवल रेत और पुरानी ईंटों के सहारे दीवारें चिनी जा रही हैं।

तरसेम मित्तल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कम्युनिटी सेंटर आम जनता के सामाजिक व पारिवारिक आयोजनों के लिए होता है, जहां सैकड़ों लोगों की आवाजाही रहेगी। घटिया और कमजोर दीवारों के कारण यदि कल को कोई अप्रिय घटना या हादसा घटता है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और सत्ताधारी भाजपा की होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरा ढांचा तोड़कर नया बनाने का टेंडर दिया गया था, तो पुरानी रद्दी ईंटें लगाकर किसकी जेबें भरी जा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान पार्टी ऑब्जर्वर विनीत वर्मा ने कहा कि यह कथित 'स्मार्ट सिटी' के नाम पर चल रहे कमीशनखोरी के खेल का जीता-जागता सबूत है। एक तरफ जहां शहर भर में सही-सलामत पेवर ब्लॉक उखाड़कर नए लगाने के नाम पर फिजूलखर्ची की जा रही है, वहीं दूसरी ओर जनता की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में थर्ड-क्लास मैटेरियल झोंका जा रहा है। वर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव नजदीक आते देख भाजपा नेता और ठेकेदार आनन-फानन में टेंडर पास करवाकर जनता की गाढ़ी कमाई समेटने में जुटे हैं।

तरसेम मित्तल और विनीत वर्मा ने चंडीगढ़ के प्रशासक और नगर निगम कमिश्नर से मांग की है कि सेक्टर 29 कम्युनिटी सेंटर का घटिया निर्माण कार्य फौरन रुकवाया जाए, प्रयुक्त सामग्री की निष्पक्ष विजिलेंस जांच हो और आरोपी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। आप नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तुरंत पारदर्शी जांच शुरू नहीं की गई और गुणवत्ता नहीं सुधारी गई, तो पार्टी स्थानीय निवासियों को साथ लेकर निगम के खिलाफ उग्र जन-आंदोलन छेड़ेगी।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चंडीगढ़ सेक्टर 8 डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने प्रस्तुत किया ‘रामायण दर्शन’, रामलीला के जरिए दिया सत्य और धर्म का संदेश

चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका: ब्लॉक अध्यक्ष और जिला सचिव समेत सैकड़ों समर्थक AAP में शामिल

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान