BJP सरकार में मंडी व्यापारी परेशान, AAP ने सुनी आवाज : विनीत वर्मा
पार्किंग, लोडिंग-अनलोडिंग और गंदगी से त्रस्त व्यापारियों ने रखी समस्याएं; विनीत वर्मा ने तैयार किया ज्ञापन
चंडीगढ़, 14 अगस्त। चंडीगढ़ की सब्जी मंडी एवं अनाज मंडी के व्यापारियों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को सेक्टर-26 स्थित सत्संग भवन में व्यापारियों के साथ बैठक की। AAP चंडीगढ़ के पर्यवेक्षक विनीत वर्मा, ट्रेड विंग के उपाध्यक्ष तरसेम मित्तल और महासचिव विक्रांत ए. तंवर ने व्यापारियों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं।
बैठक में व्यापारियों ने खुलकर बताया कि पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं है, लोडिंग-अनलोडिंग के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और मंडी में गंदगी एवं कचरे की समस्या गंभीर बनी हुई है। व्यापारियों का कहना था कि वे कई बार अपनी समस्याएं उठा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ और उन्हें मजबूरी में इसी अव्यवस्थित माहौल में कारोबार करना पड़ रहा है।
AAP ने BJP सरकार पर मंडी व्यापारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद BJP मंडी की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं कर पाई। AAP नेताओं ने सवाल उठाया कि जब सरकार विकास और आधुनिक चंडीगढ़ के बड़े-बड़े दावे करती है, तो मंडी के व्यापारी आज भी पार्किंग, सफाई और लोडिंग-अनलोडिंग जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए क्यों तरस रहे हैं।
AAP पर्यवेक्षक विनीत वर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके मुद्दों पर एक मेमोरेंडम तैयार किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को आने वाले दिनों में प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
तरसेम मित्तल ने कहा कि व्यापारी किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं कर रहे, बल्कि अपना कारोबार सम्मानपूर्वक चलाने के लिए बुनियादी सुविधाएं मांग रहे हैं। वहीं विक्रांत ए. तंवर ने कहा कि BJP सरकार के विकास के दावों की असली तस्वीर मंडी में दिखाई देती है। व्यापारी गंदगी और अव्यवस्था में काम करने को मजबूर हैं, जबकि उनकी समस्याओं पर वर्षों से ध्यान नहीं दिया गया। अब AAP व्यापारियों की आवाज मजबूती से उठाएगी।
बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखते हुए समाधान के लिए आम आदमी पार्टी से सहयोग की मांग की। AAP ने भरोसा दिलाया कि मंडी व्यापारियों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और उनके मुद्दों को लगातार मजबूती से उठाया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें