चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का कुनबा और बढ़ा: एनसीपी का विलय, पूर्व SOI अध्यक्ष देवक सोनी और प्रसिद्ध समाज सेवी रोहित बिड़ला 'आप' में शामिल
**आगामी नगर निगम चुनाव से पहले पार्टी को मिला भारी जनसमर्थन, युवाओं और समाजसेवियों पर 'आप' का विशेष जोर**
**चंडीगढ़:**
चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को लगातार मिल रहे भारी जनसमर्थन के चलते पार्टी का जनाधार दिन-प्रतिदिन मजबूत होता जा रहा है। आज एक ही दिन में हुए बड़े घटनाक्रमों के तहत न्यू कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का आम आदमी पार्टी में आधिकारिक विलय हुआ, पंजाब विश्वविद्यालय के चर्चित छात्र नेता देवक सोनी ने सैकड़ों युवाओं के साथ 'आप' का दामन थामा, और वार्ड नं. 29 से प्रसिद्ध समाजसेवी एवं एनजीओ संचालक रोहित बिड़ला भी पार्टी परिवार में शामिल हो गए।
इन सभी प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों और उनके सैकड़ों समर्थकों की जॉइनिंग आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के प्रभारी व विधायक **जरनैल सिंह** द्वारा करवाई गई। उन्होंने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई।
**एनसीपी का 'आप' में ऐतिहासिक विलय**
न्यू कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष **एडवोकेट विवेक हंस गरचा** ने अपनी पूरी कार्यकारिणी और सैकड़ों समर्थकों के साथ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। एडवोकेट विवेक हंस गरचा और उनकी टीम के आने से पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा और व्यापक जनसमर्थन मिला है।
**युवाओं को प्रतिनिधित्व: पूर्व SOI अध्यक्ष देवक सोनी 'आप' में शामिल**
आम आदमी पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि आगामी नगर निगम चुनाव में भविष्य का नेतृत्व मानकर ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व देने जा रही है। इसी दिशा में पूर्व एसओआई (SOI) अध्यक्ष **देवक सोनी** ने अपने सैकड़ों नौजवान साथियों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। देवक सोनी का छात्र राजनीति में बेहतरीन सफर रहा है (लॉ डिपार्टमेंट के इलेक्टेड रिप्रेजेंटेटिव, SOI चंडीगढ़ ज़ोन के वाइस प्रेसिडेंट, और पार्टी प्रेसिडेंट)। उनकी ऊर्जा और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ से चंडीगढ़ में जनसेवा के अभियान को नई गति मिलेगी।
**वार्ड नं. 29 में संगठन को मिली नई मजबूती: रोहित बिड़ला शामिल**
समाजसेवा के क्षेत्र में अपने उल्लेखनीय योगदान के लिए पहचान रखने वाले प्रसिद्ध समाजसेवी और एनजीओ संचालक **रोहित बिड़ला** ने भी आज आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उनके पार्टी में जुड़ने से विशेषकर वार्ड नं. 29 में संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी और स्थानीय जनसेवा के कार्यों को एक नई दिशा प्राप्त होगी।
**वरिष्ठ नेतृत्व की रही गरिमामयी उपस्थिति**
इस विशाल जॉइनिंग कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष **विजयपाल सिंह**, महासचिव *ओंकार सिंह औलख**, पूर्व मेयर **कुलदीप कुमार**, पार्षद **हरदीप सिंह** व **योगेश ढींगरा**, ऑब्जर्वर विनीत वर्मा तथा महिला विंग की जनरल सेक्रेटरी **रिंकू बहादुरी** रूरल प्रधान जगपाल जग्गा ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
**चंडीगढ़ को फिर से "द सिटी ब्यूटीफुल" बनाने का संकल्प**
कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त सदस्यों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एकजुट होकर चंडीगढ़ को एक बार फिर से स्वच्छ, ईमानदार, विकसित और सुंदर **“द सिटी ब्यूटीफुल"** बनाने का संकल्प लिया। पार्टी का दृढ़ विश्वास है कि युवाओं और ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले समाजसेवियों के इस पारदर्शी और जनहितैषी राजनीति में शामिल होने से बदलाव का यह कारवां और अधिक मजबूती से आगे बढ़ेगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें