प्रशासन की अनदेखी से बढ़ा आक्रोश: सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी में आधुनिक बस क्यू शेल्टर की मांग फिर हुई तेज — राजबीर सिंह भारतीय



30 हजार से अधिक आबादी आज भी मूलभूत सुविधा से वंचित, बरसात में स्कूली बच्चे, कॉलेज के छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे बस का इंतजार करने को मजबूर — सुभाष धीमान

चंडीगढ़ (मनीमाजरा):

ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13, चंडीगढ़ तथा मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन ने सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी में आधुनिक बस क्यू शेल्टर के निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील की है। एसोसिएशन का कहना है कि अनेक बार समाचार पत्रों, ज्ञापनों तथा अन्य माध्यमों से यह मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण आज तक इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

एसोसिएशन के अनुसार सुभाष नगर, इंदिरा कॉलोनी तथा आसपास के क्षेत्रों में 30 हजार से अधिक लोग निवास करते हैं। यहां दो बड़े सरकारी विद्यालय, कई निजी स्कूल, एक सरकारी डिस्पेंसरी तथा हजारों दैनिक यात्री हैं। इसके बावजूद आज तक एक भी आधुनिक बस क्यू शेल्टर उपलब्ध नहीं है। 

परिणामस्वरूप प्रतिदिन स्कूली छात्र-छात्राओं, कॉलेज जाने वाले युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों तथा नौकरीपेशा लोगों को सड़क किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
वर्तमान बरसात के मौसम में यह समस्या और भी गंभीर हो गई है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं रोजाना बारिश में भीगते हुए बसों का इंतजार करते हैं। कई बार उनकी पुस्तकें, बैग और आवश्यक दस्तावेज भी भीग जाते हैं। नौकरीपेशा लोग समय पर अपने कार्यस्थलों तक नहीं पहुंच पाते, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं को तेज बारिश, धूप और आंधी-तूफान के बीच खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है। मरीजों को भी अस्पतालों और डिस्पेंसरी तक जाने के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि कई बार प्रशासन तथा चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के समक्ष यह मांग रखी जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी को बस क्यू शेल्टर जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। आईटी पार्क, मनीमाजरा बस स्टैंड, माता मनसा देवी, पीजीआई, चंडीगढ़, मोहाली तथा पंचकूला के लिए प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से बसों में सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सुविधा का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों का प्रश्न है।
एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि यदि शहर के अन्य क्षेत्रों में आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाए जा सकते हैं, तो सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी की जनता को यह सुविधा क्यों नहीं मिल रही। यहां के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हर मौसम में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को इस भेदभावपूर्ण रवैये को समाप्त करते हुए तुरंत बस क्यू शेल्टर का निर्माण कराना चाहिए।

क्षेत्र की आम जनता, अभिभावकों तथा स्कूली बच्चों ने संयुक्त रूप से कहा कि हर बरसात में उन्हें भीगते हुए स्कूल, कॉलेज और अपने कार्यस्थलों तक जाना पड़ता है। कई बार बच्चों की किताबें और यूनिफॉर्म भी भीग जाती हैं। बुजुर्गों और महिलाओं को लंबे समय तक सड़क किनारे खड़े रहना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि उनकी इस मूलभूत आवश्यकता को गंभीरता से लिया जाए और शीघ्र आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाया जाए।

आॉल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने मांग की कि बस क्यू शेल्टर में यात्रियों की सुविधा के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएं की जाएं—
स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था।
पर्याप्त रोशनी एवं बिजली।
स्वच्छ शौचालय (वॉशरूम)।
4.बसों के आगमन एवं प्रस्थान का डिजिटल टाइम-टेबल डिस्प्ले बोर्ड।
बैठने के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित सीटें।
5.वर्षा, धूप और तेज हवाओं से सुरक्षा के लिए मजबूत शेड।

एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अगला कदम उठाने पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान श्याम सुंदर, चेयरमैन सुभाष धीमान, ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय, वरिष्ठ उपप्रधान गुरमीत सिंह राणा, उपाध्यक्ष रॉबर्ट विलियम, शमीम अहमद, महासचिव शक्ति श्रीवास्तव, सचिव पूजा राय, अभिजीत सैनी, सह सचिव सैंकी, मंदीप, सतनाम सिंह बैंस, आरिफ हुसैन, कानूनी सलाहकार एडवोकेट अरुण वशिष्ठ तथा सलाहकार सरदार मनजीत सिंह और जोगेंद्र ठाकुर सहित अनेक समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रवासियों ने संयुक्त रूप से प्रशासन से मांग की कि सुभाष नगर और इंदिरा कॉलोनी में बिना किसी और देरी के आधुनिक बस क्यू शेल्टर का निर्माण कराया जाए, ताकि हजारों नागरिकों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

चंडीगढ़ सेक्टर 8 डीएवी पब्लिक स्कूल में नन्हे-मुन्नों ने प्रस्तुत किया ‘रामायण दर्शन’, रामलीला के जरिए दिया सत्य और धर्म का संदेश

चंडीगढ़ कांग्रेस को बड़ा झटका: ब्लॉक अध्यक्ष और जिला सचिव समेत सैकड़ों समर्थक AAP में शामिल

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान