ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.) ने शुरू किया राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
अंबाला, हरियाणा:
देश भर में अंबेडकरवादी साथियों को संगठन से जोड़ने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से आज ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.) द्वारा राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के पूर्व डीजीपी पृथ्वी राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रख्यात सामाजिक नेता डॉ. सतीश गर्ग सहित देशभर से आए सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर ने कहा कि संगठन देश के 18 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। यह देश का ऐसा जन संगठन है जिसमें हर धर्म, जाति और वर्ग के लोग शामिल हैं। यह संगठन केवल किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वह व्यक्ति इसका हिस्सा बन सकता है जो बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विचारधारा में विश्वास रखता हो और भारतीय संविधान के मूल्यों को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहता हो।
हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष रीना गावस्कर वाल्मीकि ने कहा कि सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव-गांव और समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना तथा बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में संगठन की आगामी रणनीति, सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों तथा देश की वर्तमान परिस्थितियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आज आवश्यकता है कि संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक एकता को मजबूत किया जाए।
इस अवसर पर देश में बढ़ती धार्मिक कट्टरता, सामाजिक सौहार्द, विदेशी चुनौतियों तथा समाज को सही दिशा देने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए रास्ते पर चलने और संविधान की रक्षा करने का संकल्प दोहराया।
पंजाब प्रदेश अध्यक्ष निर्मलजीत सिंह, अमरीक सिंह बंगर राष्ट्रीय सचिव, दिल्ली संयोजक रवि शंकर, भगत राज, निर्मल चौहान और लवली बग्गन सहित कई वक्ताओं ने सम्मेलन को संबोधित किया। निर्मल चौहान ने विशेष रूप से महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण पर विचार रखते हुए कहा कि महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान संविधान के माध्यम से ही मजबूत आधार मिला है।
सम्मेलन में यह भी बताया गया कि संगठन के पांच राज्यों में महिलाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी गई है, जो सामाजिक बदलाव में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। हरियाणा में श्रीमती रीना गावस्कर वाल्मीकि संगठन का नेतृत्व कर रही हैं।
पूरा सभागार “जय भीम” के नारों से गूंज उठा और उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहेब के सिद्धांतों—समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे—को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
चंडीगढ़ से विशेषतौर पर भगत राज तिसावड, मांगे राम कत्याल एडवोकेट सुखराम व राजबीर सिहँ भारतीय पहुंचे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें