*पंजाबियों के अपमान के खिलाफ 'आप' का भाजपा कार्यालय कमलम पर जोरदार प्रदर्शन, भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा को तत्काल बर्खास्त करने की मांग*
चंडीगढ़, 19 जून 2026: चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों के विरुद्ध की गई ओछी और अपमानजनक टिप्पणी ने आज पंजाबियत की रगों में उबाल ला दिया। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने आज सेक्टर-33 स्थित भाजपा मुख्यालय 'कमलम' को घेरकर भाजपा को यह स्पष्ट संदेश दिया कि पंजाबियों का अपमान करने वाली पार्टी के लिए चंडीगढ़ की धरती पर कोई जगह नहीं है। 'आप' अध्यक्ष विजयपाल सिंह के नेतृत्व में उमड़े जनसैलाब ने भाजपा दफ्तर के बाहर 'भाजपा मुर्दाबाद' के नारों से आसमान गुंजा दिया।
प्रदर्शनकारियों ने भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा का पुतला फूँकते हुए उसे 'पंजाबियों के अपमान का प्रतीक' करार दिया। 'आप' कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा नेताओं का अहंकार अब सिर चढ़कर बोल रहा है, जो पंजाबियों के बलिदान और उनके ऐतिहासिक योगदान को नीचा दिखाने का घिनौना प्रयास कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की दमनकारी नीति के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश ठंडा नहीं पड़ा, बल्कि वे और भी अधिक उग्र होकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि भाजपा की सोची-समझी 'पंजाब विरोधी साजिश' है। नेताओं ने कहा, "भाजपा यह न भूले कि पंजाबियों ने देश को अन्न दिया, आजादी दिलाई और सीमाओं पर सीना तानकर रक्षा की। मल्होत्रा की यह टिप्पणी भाजपा के उस दबी हुई नफरत का आईना है जो वे पंजाबियों के खिलाफ रखते हैं। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मल्होत्रा को बचाकर अपनी संवेदनहीनता का परिचय दे रहा है, लेकिन अब 'आप' कार्यकर्ताओं के आक्रोश का सामना करने के लिए तैयार रहे।"
'आप' चंडीगढ़ अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा, "जतिंदर पाल मल्होत्रा का यह बयान केवल राजनीतिक गलती नहीं, बल्कि पंजाबियों के स्वाभिमान पर सीधा हमला है। यदि भाजपा को पंजाबियों के सम्मान की परवाह नहीं, तो उन्हें सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। आज हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर भाजपा ने यह साबित कर दिया है कि वे दमन की राजनीति करते हैं, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। मल्होत्रा को सरेआम माफी मांगनी ही होगी, वरना आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर भाजपा के इस अहंकार को चकनाचूर कर देगा।"
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख चेहरे:
महासचिव ओंकार सिंह औलख, पार्षद योगेश ढींगरा, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार ढालोर, हरदीप सिंह बुटेरला, विक्रांत ए. तनवर (राज्य मीडिया इंचार्ज), अंजू कत्याल, जगपाल जग्गा, ललित मोहन, देशराज सनावर, जसबीर सिंह लाडी, मीना शर्मा, तरसेम मित्तल, जस्करण मेहता, राजेश, अभिमान, गुरुदेव यादव सहित 'आप' के सैकड़ों जांबाज कार्यकर्ता।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें