मनीमाजरा की टूटी सड़कें बन सकती है हादसों का कारण, प्रशासन तुरंत करे मरम्मत : राजबीर सिंह भारतीय




स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल रही मनीमाजरा की टूटी सड़कें, प्रशासन हादसे का इंतजार न करे : राजबीर सिंह भारतीय

मनीमाजरा की बदहाल सड़कें बनीं जनता की परेशानी, व्यापारियों और स्थानीय निवासियों में भारी रोष:


चंडीगढ़ की पहचान देशभर में "स्मार्ट सिटी" और "ब्यूटीफुल सिटी" के रूप में है, लेकिन मनीमाजरा वार्ड नंबर-5 की सड़कों की दयनीय स्थिति इस पहचान पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। वार्ड की प्रमुख सड़कें, जिनमें मोटर मार्केट की सड़क, मनीमाजरा मुख्य बाजार की सड़क, फन रिपब्लिक की ओर जाने वाली सड़क तथा शिवालिक गार्डन चौक से समाधि गेट होते हुए बाजार तक जाने वाली सड़क शामिल हैं, जो टूटी हुई हैं और आम जनता के लिए परेशानी एवं खतरे का कारण बन सकती  हैं।

मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि शिवालिक गार्डन चौक से समाधि गेट की ओर जाने वाली सड़क पर 2024 में 24x7 जलापूर्ति स्मार्ट सिटी पायलट प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन बिछाई गई थी। इस परियोजना का उद्घाटन भारत सरकार के माननीय गृहमंत्री द्वारा किया गया था। उद्घाटन कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सड़क की जल्दबाजी में मरम्मत कर दी गई, जबकि पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को तकनीकी मानकों के अनुसार ठीक प्रकार से पुनर्स्थापित नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण रूप से यह जलापूर्ति परियोजना अपेक्षित परिणाम नहीं दे सकी और आज यह परियोजना विफल साबित हो चुकी है। जिसकी विजिलेंस जांच चल रही है। इसके साथ-साथ जिस सड़क के नीचे पाइपलाइन डाली गई थी, उसकी हालत भी कई जगह अत्यंत खराब हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे, धंसी हुई सड़कें और उखड़ा हुआ तारकोल, रोडी, बजरी लोगों के लिए लगातार खतरा पैदा कर रहा है।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, दोपहिया चालक, ई-रिक्शा चालक, व्यापारी, ग्राहक और स्थानीय निवासी इन सड़कों से गुजरते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक और इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर (ई-रिक्शा) चालक दुर्घटना के सबसे अधिक जोखिम में हैं।

उन्होंने कहा कि मोटर मार्केट चंडीगढ़ का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोग खरीदारी और व्यापारिक कार्यों के लिए आते हैं। खराब सड़कें न केवल व्यापार को प्रभावित कर रही हैं बल्कि शहर की छवि को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। बाहर से आने वाले लोग जब इन टूटी सड़कों को देखते हैं तो स्मार्ट सिटी के दावों पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन, नगर निगम तथा संबंधित विभागों से मांग की है कि किसी भी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय तत्काल प्रभाव से इन सभी सड़कों का तकनीकी सर्वेक्षण करवाकर उनकी उच्च गुणवत्ता के साथ मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए। साथ ही 24x7 जलापूर्ति परियोजना की वास्तविक स्थिति की भी समीक्षा की जाए ताकि जनता के धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि मनीमाजरा चंडीगढ़ का एक प्रमुख व्यापारिक एवं आवासीय क्षेत्र है और यहां की बदहाल सड़कें स्मार्ट सिटी की छवि पर दाग के समान हैं। प्रशासन को जनता की सुरक्षा और शहर की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।
"प्रशासन हादसे का इंतजार करने के बजाय तुरंत कार्रवाई करे। जनता की सुरक्षा किसी भी परियोजना या कागजी उपलब्धि से अधिक महत्वपूर्ण है।"--

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान