पंजाब में 26 जून से शुरू होगा ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.) का राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प: मांगे राम कत्याल
चंडीगढ़, 24 जून 2026:
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, संविधान के मूल्यों और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा (पंजी.) द्वारा पंजाब में सदस्यता अभियान की शुरुआत की जा रही है। हरियाणा में अभियान के सफल शुभारंभ के बाद अब इसका विस्तार पंजाब में किया जा रहा है।
इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ शुक्रवार, 26 जून 2026 को प्रातः 10 बजे चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान पंजाब सरकार की कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर द्वारा किया जाएगा।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश बहादुर ने कहा कि संगठन वर्तमान में देश के 18 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऑल इंडिया अंबेडकर महासभा किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की विचारधारा, भारतीय संविधान और समानता के सिद्धांतों में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति का साझा मंच है।
राष्ट्रीय महासचिव अमरीक सिंह बंगड़ ने बताया कि सदस्यता अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव, कस्बे और शहर स्तर तक मजबूत करना है। इसके माध्यम से सामाजिक न्याय, शिक्षा, समानता, संवैधानिक अधिकारों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रीना गावस्कर वाल्मीकि ने कहा कि अभियान के दौरान संगठन की आगामी रणनीति, सामाजिक मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि अंबाला से शुरू हुआ यह अभियान चरणबद्ध तरीके से देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदेश सचिव मांगे राम कत्याल ने कहा कि पंजाब में इस अभियान को लेकर समाज के हर वर्ग में उत्साह है। अधिक से अधिक लोगों को संगठन के साथ जोड़कर बाबा साहेब के सपनों का समानता और न्याय पर आधारित समाज बनाने के प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें