एमओएच टीम ने मनीमाजरा में मनाया "मेरा शहर मेरी पहचान" विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस, स्वच्छता और पर्यावरण बचाने का दिया संदेश"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत शिवालिक गार्डन सेक्टर-13 मनीमाजरा में लगाए गए पौधे
मनीमाजरा (चंडीगढ़)। विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस के अवसर पर नगर निगम चंडीगढ़ की एमओएच टीम द्वारा "मेरा शहर मेरी पहचान" अभियान के तहत मनीमाजरा क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एमओएच इंचार्ज देवेन्द्र रोहिला के नेतृत्व में बेहतरीन ढंग से आयोजित किया गया।
इस मौके पर एमओएच इंचार्ज देवेन्द्र रोहिला ने कहा कि चंडीगढ़ शहर सफाई के मामले में पूरे भारत में अपनी अलग पहचान बना चुका है और इस पहचान को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारा शहर तभी सुंदर और स्वच्छ रह सकता है जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे।
उन्होंने कचरा प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम चंडीगढ़ द्वारा कचरे के सही निस्तारण के लिए चार प्रकार के डस्टबीन की व्यवस्था की जा रही है। इनमें
सूखा कचरा
गीला कचरा
घरेलू हानिकारक कचरा
सेनेटरी कचरा
शामिल हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कचरे को अलग-अलग करके ही गार्बेज कलेक्शन करने वाले कर्मचारियों को दें ताकि शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग मिल सके।
इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शिवालिक गार्डन, सेक्टर-13 मनीमाजरा में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान की शुरुआत की गई और पौधारोपण किया गया। इस अभियान में शहर के सम्मानित नागरिकों और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेन्द्र रोहिला ने कहा कि हम सभी मिलकर बिगड़ते पर्यावरण को बचा सकते हैं। हमें अपने आसपास किसी भी प्रकार की गंदगी नहीं फैलानी चाहिए। धरती पर रहने वाले हर जीव के जीवन को बचाने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदूषण इसी तरह बढ़ता रहा और हमने समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए कदम नहीं उठाए तो आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट पैदा हो सकता है।
इस अवसर पर मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन मनीमाजरा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि सृष्टि का संतुलन तभी बना रह सकता है जब हम पर्यावरण की रक्षा करेंगे। इसके लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं और हरियाली को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पूरी दुनिया ने ऑक्सीजन की महत्ता को महसूस किया था और हमें प्रकृति द्वारा दिए गए पेड़-पौधों की अहमियत को हमेशा याद रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पेड़ केवल छाया और सुंदरता नहीं देते बल्कि जीवन देने वाली ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत हैं, इसलिए हर व्यक्ति को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर एमओएच टीम के रविंद्र लोहट, दीपक कुमार, राहुल, बिमल, जितेन्द्र, अंकित के अलावा शहर के समाजसेवी एस.एस. परवाना, सरदार शाम सिंह, संजीव गाबा, अभिजीत सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सफल रहा और सभी ने मिलकर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें