भाजपा के झूठे आरोपों पर 'भारतीय' का पलटवार: दो साल का सांसद, भाजपा के 10 साल के कार्यकाल पर भारी:



"सांसद मनीष तिवारी जनता के प्रति उत्तरदायी हैं, भाजपा के राजनीतिक प्रलाप के लिए नहीं":

"सवाल उठाने वाले पहले संसद का रिकॉर्ड, हाजिरी और 15 लाख व 2 करोड़ नौकरियों का हिसाब दें":

चंडीगढ़, 8 जून।
संसद चुनाव के दो वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी से हिसाब मांगने वाले भाजपा नेताओं को वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं जन-प्रतिनिधि राजबीर सिंह भारतीय ने करारा जवाब दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए भारतीय ने कहा कि सांसद मनीष तिवारी ने मात्र दो वर्षों में संसद और सड़कों पर चंडीगढ़ की आवाज को जिस मजबूती से उठाया है, वह भाजपा के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल पर भारी है।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि भाजपा नेताओं को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने वादों का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा देश के प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये और प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने के वादों का जवाब आज तक नहीं दिया गया है।

महिला भत्ते और महिला आरक्षण पर भाजपा को घेरा:
महिलाओं को प्रतिमाह 8500 रुपये देने के कांग्रेस के वादे पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए भारतीय ने कहा कि चुनावी घोषणा-पत्र सरकार बनने की स्थिति में लागू किया जाता है। यदि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनती तो महिलाओं को यह लाभ अवश्य मिलता। उन्होंने भाजपा से पूछा कि 15 लाख रुपये के वादे का क्या हुआ?

महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि संसद द्वारा महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित किया जा चुका है। यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के हित में है तो नगर निगम एवं अन्य चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत नहीं बल्कि 50 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल करे।

संसद में सबसे सक्रिय सांसदों में शामिल हैं मनीष तिवारी:
सांसद को "साप्ताहिक सांसद" बताए जाने वाले आरोपों को खारिज करते हुए भारतीय ने कहा कि संसद का आधिकारिक रिकॉर्ड हाजिरी रजिस्टर इस बात का गवाह है कि मनीष तिवारी ने पिछले दो वर्षों में चंडीगढ़ और देशहित के अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पहले संसद की कार्यवाही, उपस्थिति और पूछे गए सवालों का रिकॉर्ड देखें, उसके बाद टिप्पणी करें।

चंडीगढ़ के प्रमुख मुद्दों को संसद में उठाया
भारतीय ने बताया कि सांसद मनीष तिवारी ने डडूमाजरा डंपिंग ग्राउंड के निस्तारण, मकानों के मालिकाना हक, बिजली-पानी के निजीकरण, स्मार्ट मीटरों, मनीमाजरा में एनओसी की समस्या, बढ़ते प्रॉपर्टी टैक्स, स्वच्छ पेयजल, नीड बेस्ड चेंज पॉलिसी, लाल डोरा विस्तार, ट्राईसिटी मेट्रो परियोजना, नगर निगम के मेयर का कार्यकाल बढ़ाने, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों एवं स्टाफ की कमी तथा कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने जैसे मुद्दों को संसद और प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया है।

धरातल पर भी सक्रिय रहे सांसद:
राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि सांसद निधि के माध्यम से शहर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, पार्कों के विकास और पानी की समस्या से निपटने हेतु आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करवाई गई। उन्होंने कहा कि मनीमाजरा के युवाओं के लिए खेल मैदान हेतु सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन प्रशासन ने अब तक भूमि उपलब्ध नहीं करवाई। इसी प्रकार मनीमाजरा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव भी प्रशासनिक उदासीनता का शिकार बना हुआ है।

भाजपा नेताओं को खुली बहस की चुनौती:
राजबीर सिंह भारतीय ने भाजपा नेताओं को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा वास्तव में दो वर्षों का हिसाब चाहती है तो किसी भी सार्वजनिक मंच पर मीडिया की उपस्थिति में बहस कर ले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के दो वर्षों के कार्यों की तुलना भाजपा अपने दस वर्षों के कार्यकाल से करके दिखाए। जनता के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि सांसद मनीष तिवारी भाजपा के राजनीतिक प्रपंचों के प्रति नहीं, बल्कि चंडीगढ़ की जनता के प्रति जवाबदेह हैं और जनता के हितों के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान