“चंडीगढ़ में बिजली लूट के खिलाफ ‘आप’ का हल्ला-बोल, चक्का-जाम की चेतावनी”
आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ (ग्रामीण इकाई)
चंडीगढ़ के गांवों में 'सीपीडीएल' (CPDL) की 'खुली डकैती' के खिलाफ आम आदमी पार्टी का हल्ला-बोल, ग्रामीण अध्यक्ष जगपाल सिंह जग्गा ने दी 'चक्का-जाम' की सीधी चेतावनी
चंडीगढ़, 21 मार्च: चंडीगढ़ के गांवों और कॉलोनियों को निजी बिजली कंपनी 'सीपीडीएल' द्वारा 'लूट का अड्डा' बनाए जाने के खिलाफ अब आम आदमी पार्टी ('आप') ने आर-पार की लड़ाई का शंखनाद कर दिया है। पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि जनता के आर्थिक शोषण को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के ग्रामीण अध्यक्ष जगपाल सिंह जग्गा ने कंपनी की तानाशाही कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे ‘खुली डकैती’ करार दिया। जग्गा ने प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए कहा, “सीपीडीएल ने गांवों और कॉलोनियों की गरीब जनता को 'दोहरे बिल' के जाल में फंसाकर उनके मुंह का निवाला छीनने का काम किया है। कंपनी ने पहले 11 मार्च तक बिल भरवाया और अब फिर 30 मार्च की नई समयसीमा (डेडलाइन) जारी कर दी है। एक दिहाड़ीदार मज़दूर या छोटा दुकानदार महीने में दो बार भारी-भरकम बिल कैसे भरेगा? यह अपनी तिजोरी भरने के लिए जनता को कंगाल करने की साज़िश है। अगर यह दोहरे बिल का तुगलकी फरमान तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो 'आप' की ग्रामीण इकाई पूरे चंडीगढ़ में भयंकर चक्का-जाम और विशाल धरना प्रदर्शन करेगी।”
कंपनी की धांधली का पर्दाफाश करते हुए पार्षद जसविंदर कौर ने कहा कि सीपीडीएल ने मनमानी की सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने बताया कि बिना पूर्व सूचना के उपभोक्ताओं की खाता संख्या (अकाउंट नंबर) बदल दी गई है, न समय पर बिल पहुंच रहे हैं, न फोन पर कोई सूचना (मैसेज) आ रही है और न ही मीटर की सही रीडिंग ली जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी सिर्फ भोली-भाली जनता को भ्रमित कर रही है और इस धक्केशाही के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी।
वहीं, पार्टी के कड़े रुख को ज़ाहिर करते हुए प्रदेश मीडिया प्रभारी विक्रांत ए. तंवर ने प्रशासन और सीपीडीएल को सीधी चुनौती दी। उन्होंने कहा, “बिजली दरों में छुपी हुई बढ़ोतरी और भारी जुर्माने (पेनल्टी) के नाम पर जनता को लूटा जा रहा है। न कंपनी की व्यवस्था दुरुस्त है और न ही उनकी नीयत। जनता को डराकर पैसा वसूलने का यह दौर अब खत्म होना चाहिए। अगर यह लूट का खेल तुरंत बंद नहीं हुआ, तो आम आदमी पार्टी पूरे शहर में जोरदार धरना देकर कंपनी की ईंट से ईंट बजा देगी।”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें