चंडीगढ़ में 7–8 फरवरी को होगा नेत्रहीन महिला त्रिकोणीय क्रिकेट टूर्नामेंट 2026
चंडीगढ़, 4 फरवरी 2026:
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द विज़ुअली चैलेंज्ड पर्सन्स (चंडीगढ़) द्वारा इंस्टीट्यूट फॉर द ब्लाइंड, सेक्टर-26 चंडीगढ़ के सहयोग से नेत्रहीन महिला त्रिकोणीय क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का आयोजन 7 और 8 फरवरी को किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट जीएमएसएसएस, टिम्बर मार्केट के पास, सेक्टर-26 चंडीगढ़ में खेला जाएगा।सेक्टर दस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में आयोजकों सहित मौजूद रहे एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के स्टेट डायरेक्टर पुनीत छाबड़ा ने बताया कि यह प्रतियोगिता चंडीगढ़ में पहली बार आयोजित होगी
टूर्नामेंट में चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली की टीमें भाग लेंगी, जो सभी क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड्स इन इंडिया से संबद्ध हैं। चंडीगढ़ टीम की कमान कप्तान जिया संभालेंगी। इस आयोजन का उद्देश्य दृष्टिबाधित महिलाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना, आत्मविश्वास विकसित करना और समाज में समावेशन एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। टूर्नामेंट का आधिकारिक मीडिया पार्टनर चंडीगढ़ दिनभर है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन दिनेश कुमार कपिला (मुख्य संरक्षक), सुपर्णा सचदेव (संरक्षक सदस्य), राकेश शर्मा (संरक्षक सदस्य), भगवान सिंह भंडारी (अध्यक्ष), अश्वनी कुमार शर्मा (उपाध्यक्ष), सुखबीर सिंह (महासचिव) एवं हरलीन कौर (संयुक्त सचिव) के नेतृत्व में किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन और समर्पण से युवा और उभरती खिलाड़ियों को निरंतर प्रेरणा मिल रही है।
आयोजक संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल दृष्टिबाधित महिलाओं में आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में समानता और समावेशन की भावना को भी सुदृढ़ करती है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 7 फरवरी को सुबह 10:30 बजे आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि श्री हरचंद सिंह , चेयरमैन, पंजाब मंडी बोर्ड शिरकत करेंगे।
आयोजकों ने खेल प्रेमियों, शैक्षणिक संस्थानों और आम जनता से टूर्नामेंट में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें