ब्लॉक समिति चुनावों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर – अश्वनी शर्मा,,, ज़ीरकपुर में खरड़, डेराबस्सी और मोहाली के कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक
ज़ीरकपुर
पंजाब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि ब्लॉक समिति चुनावों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है और पार्टी का संगठन पूरे पंजाब में और अधिक मजबूत होकर उभर रहा है। वह बुधवार को ज़ीरकपुर में खरड़, डेराबस्सी और मोहाली से आए भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि चुनावी नतीजों ने यह साफ कर दिया है कि लोग भाजपा की नीतियों और विकासोन्मुख सोच से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और जमीनी स्तर पर उनकी मेहनत के चलते ही भाजपा हर चुनाव में अपने जनाधार को लगातार मजबूत कर रही है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने इलाकों से जुड़े मुद्दे, संगठनात्मक ढांचे और आने वाले नगर कौंसिल चुनावों को लेकर अपने सुझाव भी नेतृत्व के समक्ष रखे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनावी पार्टी नहीं है, बल्कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर-घर संपर्क अभियान को और तेज किया जाए तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता हरमिंदर जस्सी, सुभाष शर्मा, संजीव खन्ना, रणजीत सिंह गिल, संजीव वशिष्ठ, सुखविंदर सिंह गोल्डी, गुरदर्शन सैनी, हरजीत सिंह मिंटा, मुकेश गांधी, सुशील राणा, अरविंदर कौर ठांडी, नेहा शर्मा, पवन धीमान और सुधीर कांटीवाल सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने ज़ीरकपुर पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा का धन्यवाद किया और कहा कि उनकी मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार हुआ है।
इस दौरान संजीव खन्ना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डेराबस्सी हलके की टीम देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लोगों को भाजपा से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में अश्वनी शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार की नाकाम नीतियों से जनता निराश है और भाजपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले नगर कौंसिल चुनावों में भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश और जनता के भरपूर समर्थन के साथ भारी सफलता हासिल करेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें