डेराबस्सी में अटल स्मृति कार्यक्रम, राष्ट्रभक्ति और सद्भाव के संदेश से गूंजा राम मंदिर परिसर
डेराबस्सी, 28 दिसंबर ( )
डेराबस्सी के रेलवे फाटक के निकट स्थित राम मंदिर परिसर में भारत रत्न, तीन बार देश के यशस्वी प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर एक गरिमामय स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत इस आयोजन में अटल जी के विराट व्यक्तित्व और उनके विचारों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में दिल्ली से राज्य मंत्री दुष्यंत गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, जिला प्रधान संजीव वशिष्ट डेराबस्सी भाजपा नेता एवं प्रदेश सचिव संजीव खन्ना, तथा अमलोह से पूर्व प्रधान प्रदीप, मंडल प्रधान पवन धीमान, राजिंदर कौशिक, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश गांधी, राधे श्याम, रविंदर राणा, गुरदर्शन सिंह सैनी, सभी पुराने व नए मंडल प्रधानों सहित बड़ी गिनती पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने अटल जी के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें आधुनिक भारत का सशक्त स्तंभ बताया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। संजीव खन्ना ने बताया कि ‘मन की बात’ का यह 129वां एपिसोड था, जिसमें प्रधानमंत्री ने वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सफलताओं ने देश को नया आत्मविश्वास और नई ऊर्जा प्रदान की है।
वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी को सरलता, सद्भाव और अडिग राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका जीवन राजनीतिक मर्यादा और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने अटल जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत स्नेह भोज की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। पूरा वातावरण ‘अटल जी अमर रहें’ के नारों और राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर रहा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें