निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 300 से अधिक लोगों ने करवाई जांच- श्री राम सेवा संघ का रहा विशेष योगदान
ढकोली स्थित कृष्णा एन्क्लेव में रविवार को श्री राम सेवा संघ की ओर से मैक्स हॉस्पिटल के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 से अधिक लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। इस निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप में शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी और थायराइड सहित विभिन्न जांचें की गईं। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच की महत्ता को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में श्री राम सेवा संघ के संस्थापक एवं भाजपा प्रदेश सचिव संजीव खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि प्रधान सुधीर कांटीवाल गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर संघ के प्रभारी विशाल शर्मा ने शिविर की रूपरेखा तैयार की और कहा कि भविष्य में भी जीरकपुर के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह के निःशुल्क सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। श्री राम सेवा संघ के संगठन प्रमुख सुरिंदर पाहवा, निवासी कृष्णा एन्क्लेव, ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की। शिविर के साथ ही श्री राम जी की रसोई के तहत भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें 400 से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को स्थानीय निवासियों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें