*प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों की राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से भेंट*
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र पाल मल्होत्रा ने आज पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी एवं प्रदेश महामंत्री संजीव राणा के साथ एयरपोर्ट पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से शिष्टाचार मुलाक़ात की।
इस भेंट के दौरान प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को चंडीगढ़ भाजपा संगठन की गतिविधियों और चल रहे अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। हाल ही में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हेल्थ चेक-अप कैंप, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। संगठन बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने के लिए सक्रिय है।
प्रदेश पदाधिकारियों ने इस अवसर पर चंडीगढ़ के हेल्थ इश्यूज़ को लेकर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत की और स्थानीय नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से अवगत कराया।
आने वाले महीनों के प्रस्तावित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया गया जिनमें संगठन सशक्तिकरण अभियान, मंडल और जिला स्तर पर सम्मेलन, युवा संवाद और सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला शामिल है। प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि भाजपा चंडीगढ़ समाज के हर वर्ग तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाने के लिए समर्पित है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने चंडीगढ़ इकाई द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यहां संगठन का उत्साह और सक्रियता पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे जनता से निरंतर जुड़ाव बनाए रखें और आने वाले चुनावी परिदृश्य में संगठन को और अधिक मजबूत करें।
नड्डा ने इस अवसर पर चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला को रूस में मिले अंतरराष्ट्रीय अवॉर्ड के लिए बधाई दी और उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह अवॉर्ड न केवल हरप्रीत कौर बबला की व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि पूरे चंडीगढ़ भाजपा संगठन और यहां की जनता के लिए भी गर्व की बात है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें