"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत भाजपा युवा मोर्चा ने किया वृक्षारोपणप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाया गया अभियान बना जन-आंदोलन
चंडीगढ़, 18 जुलाई —
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा चंडीगढ़ द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत इंडस्ट्रियल एरिया में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, नगर निगम पार्षद बिमला दुबे एवं युवा मोर्चा प्रभारी रमेश सहोड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक आह्वान से शुरू हुआ "एक पेड़ मां के नाम" अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के बाद उसकी उसी प्रकार देखभाल करनी चाहिए जैसे एक मां अपने बच्चों की करती है। आज लगाया गया पौधा कल को एक विशाल वृक्ष बनेगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए छांव, फल और स्वच्छ वायुमंडल प्रदान करेगा।
पार्षद बिमला दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस मार्मिक अपील ने देशवासियों के दिलों को छू लिया है। आज देश के कोने-कोने में लोग अपनी मां के सम्मान में पौधे लगा रहे हैं। यह एक भावनात्मक जुड़ाव को जन्म दे रहा है जिससे प्रकृति संरक्षण एक संस्कार बनता जा रहा है।
युवा मोर्चा प्रभारी रमेश सहोड़ ने कहा कि जलवायु परिवर्तन से मानव ही नहीं, सभी जीव-जंतुओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। इसे देखते हुए युवा मोर्चा के प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम पाँच पौधे लगाने का संकल्प दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से पर्यावरणीय संतुलन बनाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी।
प्रदेश महामंत्री शानू दुबे और प्रदेश महामंत्री प्रिया पासवान ने कहा कि यह अभियान मातृभूमि, प्रकृति और संस्कृति के प्रति हमारे समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने ज़ोर दिया कि पेड़ लगाना तो सराहनीय है, लेकिन उसकी देखभाल करना उससे भी बड़ा कार्य है। "एक पेड़ मां के नाम" अभियान इसी सोच को मजबूत करता है कि पेड़ को एक संतान की तरह पालें।
कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ताओं से यह भी आह्वान किया गया कि वे अपने घरों में भी अपनी मां के नाम पर एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी जिम्मेदारी पूर्ण समर्पण के साथ निभाएं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें