बिजली कटौती ने पंजाब सरकार के मुफ्त बिजली देने के दावों की पोल खोल दी – संजीव खन्ना,,,24 घंटे बिजली सप्लाई लोगों के लिए बन गई है सपना


ज़ीरकपुर:
पंजाब में लगातार गंभीर हो रहे बिजली संकट को लेकर भाजपा नेता संजीव खन्ना ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का जो वादा किया गया था, वह अब महज़ एक प्रचार का हिस्सा बनकर रह गया है, जबकि सच्चाई यह है कि लोग हर पल बिजली की सप्लाई के लिए तरस रहे हैं।

संजीव खन्ना ने कहा कि जब बिजली आ ही नहीं रही, तो 300 यूनिट मुफ्त देने की बात करना आम जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे बन चुके हैं कि 24 घंटे लगातार बिजली मिलना लोगों के लिए एक सपना बन गया है। बिजली कटौती के चलते पंजाब के घरों में पंखे केवल सजावटी वस्तु बनकर रह गए हैं, नल सूखे पड़े हैं, और गर्मी के कारण न केवल शरीर, बल्कि लोगों की उम्मीदें भी सूख रही हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मशीनें बंद पड़ी हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जान खतरे में पड़ रही है। बच्चों को रोज़ाना अपने माता-पिता से पूछना पड़ता है कि बिजली कब आएगी, लेकिन उनके पास कोई संतोषजनक जवाब नहीं होता। गर्मी इतनी भीषण है कि लोगों को रात को नींद नहीं आती और वे मजबूरी में घरों के बाहर सोने पर विवश हैं। दिन चढ़ते ही गर्म हवाएं लोगों का जीना मुश्किल कर देती हैं।


खन्ना ने कहा कि इन हालातों में मुफ्त बिजली की बात करना, लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार के विज्ञापनों के पीछे छुपे ये झूठे वादे पंजाब की बिजली व्यवस्था को भी तबाह कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण आए दिन कहीं न कहीं ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। बिजली की मरम्मत के लिए कर्मचारी मौजूद नहीं होते, कई बार तो मरम्मत में पूरी रात लग जाती है। जब लोग पावरकॉम के नंबरों पर कॉल करते हैं तो वहां न कोई जवाब मिलता है और न कोई सुनवाई होती है।

खन्ना ने कहा कि सरकार के मुफ्त बिजली देने के दावों ने न केवल आम लोगों के भरोसे को तोड़ा है, बल्कि राज्य की बिजली व्यवस्था को भी चरमरा कर रख दिया है। यह सब एक निकम्मी और केवल कागज़ी प्रशासनिक व्यवस्था का नतीजा है, जिसमें न तो जवाबदेही है और न ही ईमानदारी बची है।

अंत में संजीव खन्ना ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो लोग अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को विज्ञापन नहीं, बल्कि हकीकत में बिजली, पानी और जीवन जीने की बुनियादी सुविधाएं चाहिए। इन सुविधाओं को उपलब्ध करवाना हर सरकार का मूल कर्तव्य होता है। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी की सरकार वास्तव में पंजाब के लोगों की भलाई चाहती है, तो उसे तुरंत बिजली आपूर्ति के ढांचे में सुधार करना होगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

*कैट व्यापारियों के लिए संसद में हुआ विशेष दौरा – लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने किया संबोधित*