सफाई में बुरी तरह से पिछड़ रहा है पंचकूला : ओपी सिहाग
पंचकूला ,1 नवम्बर :पंचकूला शहर में दिनोंदिन सफाई व्यवस्था को ग्रहण लगता जा रहा है ,काफी सेक्टरों में सफाई की हालत डावांडोल हो चुकी है। इस बारे चर्चा करते हुए जजपा शहरी जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग ने चिंता जाहिर की । उन्होंने कहा कि पंचकूला नगर निगम क्षेत्र के सफाई कर्मचारी प्रदेश स्तर की 10 दिनों तक चली सफाई कर्मचारिओ की हड़ताल में शामिल भी नही हुए थे फिर भी शहर की सफाई व्यवस्था में लगातार गिरावट देखी जा सकती है ।
ओपी सिहाग ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा सफाई कर्मचारियो की संख्या में बढ़ोतरी करने के साथ लाखों रुपये की नई स्वीपिंग मशीने व उपकरण भी खरीदे गए हैं। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा घर घर से गिला व सूखा कूड़ा करकटअलग से उठाने व कूड़े की नियमित प्रोसेसिंग करने के लिए लगभग सवा करोड़ प्रति महीने का ठेका भी एक कम्पनी को दिया हुआ है, बावजूद इसके शहर में काफी स्थानों पर पड़े कूड़े के ढेर जिसमे ज्यादा पॉलीथिन होता है तथा उसमें मुहँ मारते आवारा मवेशी शहर की चरमराई हुई सफाई व्यवस्था के हालात को बयां करते हैं।
जजपा जिलाध्यक्ष सिहाग ने कहा कि उनका इरादा नगर निगम या उसके अधिकारियो की आलोचना करना नही है परंतु शहर का एक जिम्मेदार व जागरूक नागरिक होने के कारण उन्होंने यह बहुत ही महत्वपूर्ण मसला उठाया है । सिहाग ने कहा कि नगरनिगम के उच्च अधिकारियों व निरीक्षण करने वाले कर्मचारियो को फील्ड में उतरकर कार्य करना होगा। जिस एजेंसी को करोड़ों रुपये का ठेका अच्छी सफाई व्यवस्था करने के लिए दिया गया है उस कम्पनी द्वारा ठेके में दी गई शर्तो के अनुसार कार्य न करने व विपरीत कार्य करने पर उसके खिलाफ ठोस कार्यवाही होनी चाहिए। शहर के विभिन्न सेक्टरों,कालोनियो व गांव में जो सफाई करवाने बारे सफाई कर्मचारी व सुपरवाइजर लगाए गए हैं उनकी जवाबदेही तय होने के साथ उनकी समय समय पर हौशला अफजाही व उनको प्रोत्साहन देने हेतू बैठकों व कार्यक्रमो का आयोजन होना चाहिए।
जजपा जिलाध्यक्ष ने शहर की सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनज , विभिन्न एनजीओ'ज व आम जनमानस से अपील भी की कि हम सबको मिलकर इस सुंदर व स्वच्छ शहर की सफाई व्यवस्था को हर हालत में बेहतर बनाने हेतू और ज्यादा प्रयास करने होंगे ,पॉलीथिन का प्रयोग न करने बारे फिर से एक बड़ा अभियान चलाने का निर्णय लेना होगा । उन्होंने जिला प्रशासन व निगम प्रशासन से अपील की वो पॉलीथिन बेचने ,बनाने व उपयोग करने वाले लोगो के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने के साथ उनको जागरूक करने का लगातार अभियान भी चलाये ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें