बारिश में जलमग्न हुआ जीरकपुर,घरों में दुबकने को मजबूर हुए हजारों लोग,गायब हुए परिषद प्रधान, नजर नहीं आया परिषद का अमला,जैक ने करवाई शहर की वीडियोग्राफी, अब निकाय मंत्री को देंगे शिकायत
जीरकपुर। पंजाब सरकार के खजाने में सर्वाधिक राजस्व देने वाला शहर जीरकपुर एक बार फिर से बारिश में जलमग्न हो गया। रविवार को बारिश के कारण शहर की आवासीय सोसायटियों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई। हैरानी की बात यह है कि जलभराव से जहां हजारों लोग परेशान हुए वहीं न तो नगर परिषद प्रधान नजर आए और न ही जलभराव के लिए जिम्मेदार नगर परिषद के कर्मचारी कहीं दिखाई दिए। दिन भर लोग इस परेशानी से जूझते रहे।
जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखदेव चौधरी ने बताया कि बेमौसमी बारिश ने एक बार फिर से जीरकपुर नगर परिषद की पोल खोल दी है। उन्होंने बताया कि यहां ढकौली, शिवालिक विहार, पीरमुछल्ला की सोसायटियों के आगे पानी निकास का कोई प्रबंध नहीं है। पंचकूला से जाने वाली ओल्ड अंबाला रोड पूरा दिन जाम लगा रहा। जैक प्रतिनिधियों ने आज अपने स्तर पर कई जगह पानी निकासी का प्रबंध किया।
सुखदेव चौधरी ने बताया कि नगर परिषद की मिलीभुगत के साथ यहां लगातार अवैध निर्माण हो रहे हैं। कई बिल्डर ऐसे हैं जिनके द्वारा जमीनों पर कब्जे करके फ्लैट तो बना दिए गए हैं लेकिन पानी निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। सोसायटियों का पानी बाहर तो आ रहा है लेकि नगर परिषद की कोताही के कारण निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। शहर का पानी शहर में ही जमा होता रहता है। उन्होंने बताया कि शहर का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां बरसाती पानी निकासी की व्यवस्था की गई हो। सुखदेव चौधरी ने कहा कि जैक द्वारा आज जलभराव की समस्या को लेकर शहर की वीडियोग्राफी करवाई गई है। इस संबंध में जल्द ही पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री को शिकायत दी जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें