जीरकपुर में पेयजल संकट के समाधान को आगे आई जैक,शहर वासियों की मांग पर शुरू की मुफ्त टैंकर सप्लाई,आवासीय सोसायटियों में पहुंचाएंगे पानी,जल्द शुरू होगा दूसरा टैंकर


जीरकपुर। भीषण गर्मी के चलते जीरकपुर शहर में चल रहे गंभीर पेयजल संकट के समाधान हेतु जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन आगे आई है। जैक ने रविवार से शहर में पानी सप्लाई के लिए मुफ्त टैंकर सेवा शुरू कर दी है। जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी ने बताया कि शहर की कई सोसायटियों में अक्सर पेयजल संकट की खबरें सामने आ रही थी। नगर परिषद के अधीन आते ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी पेयजल संकट बड़ी समस्या है। परिषद द्वारा इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जैक की बैठक में शहर वासियों की सहायता के लिए पानी का टैंकर शुरू करने का फैसला लिया गया। जिसके चलते समाज सेवी रजनीश भराना, मोहन सिंह, कुलविंदर सैनी, जीवन सैनी, गुरदीप ग्रेवाल, सार्थक चौधरी, अंजु चौधरी समेत कई अन्य गणमान्यों की मदद से रविवार को जैक द्वारा एक टैंकर शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शहर वासियों की सुविधा के लिए जैक प्रतिनिधियों ने अपने फोन नंबर सार्वजनिक कर दिए हैं। यह टैंकर सप्लाई किसी निजी कार्य के लिए नहीं की जाएगी।
अलबत्ता जिस भी क्षेत्र में नगर परिषद की कोताही के चलते पेयजल आपूर्ति बाधित होगी वहां पर इस टैंकर की मदद से सप्लाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस टैंकर के लिए एक व्यक्ति को स्थाई तौर पर नियुक्त कर दिया गया है। जिसके द्वारा साफ पानी की सप्लाई प्रभावित क्षेत्रों में की जाएगी। चौधरी ने बताया कि जैक द्वारा फैसला लिया गया है कि शहर वासियों की समस्या को देखते हुए जल्द ही एक और टैंकर से पानी सप्लाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान