जीरकपुर नगर परिषद में चल रहा एनओसी का खेल, नकली बिल्डरों का लाभ देने के लिए दिन में तीन बार बदल रहे सूची, सैकड़ों लोग रजिस्ट्री करवाने के लिए हो रहे परेशान
जीरकपुर। पंजाब सरकार द्वारा जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती की जा रही है वहीं जीरकपुर नगर परिषद ने एक ओर चोर दरवाजा खोलकर यहां एनओसी का खेल शुरू कर दिया है। नगर परिषद के अधिकारी न कालोनियों के नाम सार्वजनिक कर रहे हैं और न ही एनओसी को लेकर अपनी स्थाई पॉलिसी जारी कर रहे हैं। जिसके चलते यहां तहसील में रजिस्ट्री के लिए आने वाले लोग परेशान हो रहे हैं।
जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी ने बताया कि यहां जीरकपुर में कार्यकारी अधिकारी तो किन्हीं कारणों के चलते छुट्टी पर हैं और पीछे से एमई द्वारा एनओसी का खुला खेल चलाया जा रहा है। यहां दिन में तीन-तीन बार कालोनियों की सूची तो बदली जा रही है लेकिन नोटिस बोर्ड पर कालोनियों की सूची चस्पा नहीं की जा रही है।
चौधरी ने बताया की परिषद द्वारा अपनी मनमर्जी से कालोनियों की एनओसी जारी की जा रही है। कई नकली बिल्डरों को लाभ पहुंचाने के लिए उनकी कालोनियों की तो रजिस्ट्री की जा रही है लेकिन दस्तावेज पूरे होने के बावजूद छोटे भूखंडों के दस्तावेज पूरे होने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। नगर परिषद से एनओसी लेने के बाद जब लोग तहसील में पहुंचते हैं तो उन्हें बोल दिया जाता है कि वह मोहाली में जाकर एडीसी दफ्तर से एनओसी पर मोहर लगवाकर लाएं ताकि पता लग सके कि यह सोसायटी वैध है। जबकि मोहाली जिला प्रशासन द्वारा वैध कालोनियों अथवा सोसायटियों की सूची नगर परिषद को भेजी गई है। इसके बावजूद परिषद के भ्रष्ट अधिकारी इस सूची को नोटिस बोर्ड पर चस्पा नहीं कर रहे हैं। जिस कारण लोग परेशान हो रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें