जीरकपुर में रेरा का बड़ा घोटाला--चंडीगढ़ की कंप्यूटर इंजीनियर महिला सिविल इंजीनियर बनकर बना रही फर्जी सर्टीफिकेट,बिल्डर एस्क्रो खाते से निकलवा रहे पूरा पैसा,कार्रवाई करने वाले रेरा अधिकारी बने हिस्सेदार
शनाया चौहान : जीरकपुर। जीरकपुर में बिल्डरों पर कार्रवाई करने तथा उनके काम की निगरानी के लिए गठित रियल एस्टेट रैगुलेटरी कमीशन (रेरा) में बड़ा घोटाला सामने आया है। रेरा अधिकारियों द्वारा आंखे मंूदने पर चंडीगढ़ की एक कंप्यूटर इंजीनियर महिला सिविल इंजीनियर बनकर फर्जी सर्टीफिकेट तैयार कर रही है। जिसके बल पर बिल्डर एस्क्रो खाते से पैसे निकाल रहे हैं। जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी, एडवोकेट विनय कुमार, एच एस चीमा, बी वासुदेव तथा अन्यों ने इस संबंध में मोहाली के एसएसपी को एक शिकायत दी है।
जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुखदेव चौधरी ने बताया कि बिल्डरों द्वारा किसी भी प्रोजैक्ट को लेकर एस्क्रो खाता खुलवाया जाता है। नियमानुसार बिल्डर प्रोजैक्ट पूरा होने तक इस खाते से 30 प्रतिशत पैसा निकलवा सकता है और 70 प्रतिशत पैसा प्रोजैक्ट में ही इस्तेमाल किया जाता है। इन खातों की निगरानी रेरा द्वारा की जाती है।
जीरकपुर में रेरा अधिकारियों के सरप्रस्ती में एस्क्रो खातों को लेकर बड़ा घोटाला हो रहा है। सुखदेव चौधरी ने बताया कि चंडीगढ़ की एक कंप्यूटर इंजीनियर महिला द्वारा सिविल इंजीनियर बनकर बिल्डरों के लिए फर्जी सर्टीफिकेट तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रेरा के पास जमा करवाए जाने वाले ज्यादातर सर्टीफिकेट फर्जीवाड़े से तैयार किए जा रहे हैं।
इन सर्टीफिकेटों की मदद से बिल्डर अपने कंपलीट प्रोजैक्ट में निर्माण कार्य दिखाकर 30 प्रतिशत की बजाए 70 प्रतिशत तक धनराशि निकलवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा जारी किए जा रहे सर्टीफिकेटों में जिन लोगों के नाम दिखाकर दस्तावेजों को प्रमाणित किया जा रहा है उनमें शामिल कोई भी नाम रेरा के पास पंजीकृत नहीं है।
यहां सौ से अधिक ऐसे बिल्डर मिले हैं जिन्होंने इस तरह से फर्जीवाड़ा करके करोड़ों रुपये निकलवा लिए हैं और रेरा के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। सुखदेव चौधरी ने कहा कि इस संबंध में जैक ने मोहाली के एसएसपी को शिकायत दी है। जिन्होंने इस मामले में बिल्डरों तथा रेरा अधिकारियों के अलावा चंडीगढ़ से फ्राड कर रही महिला के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें