पाकिस्तान के पेशावर में आत्मघाती हमला, लगभग 30 लोगों की मौत की खबर, 50 घायल
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है कि आज पाकिस्तान के पेशावर में जुमे की नमाज में एक बड़ा आत्मघाती हमले को अंजाम दिया गया है। इस हमले में अभी तक की जानकारी के मुताबिक 30 मौतें हुई है जबकि 50 अन्य लोग घायल भी हैं।फिलहाल घायलों को अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है और इलाके की पुलिस द्वारा उस इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है ।
आपको बता दें कि जानकारी के मुताबिक आज जुमे की नमाज में सैकड़ों की तादाद में लोग जुमे की नमाज अदा करने के लिए पेशावर में एक मस्जिद में जमा हुए थे। जहां पर आत्मघाती हमले को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि मस्जिद में यह धमाका एक आत्मघाती धमाका था। जिसे अंजाम देने के लिए हमलावर नमाज के वक्त मस्जिद में गए और उन्होंने आत्मघाती हमला कर दिया ।जिससे नमाज अदा कर रहे लोगों को संभलने या बच निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। आत्मघाती हमले को अंजाम देने वाले दो हमलावर बताए जा रहे हैं लेकिन अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक किसी भी आतंकी संगठन ने इस आत्मघाती हमले का जिम्मा नहीं लिया है।
पेशावर पुलिस के मुताबिक दो हमलावर थे। जो मस्जिद में घुसे और उन्होंने खुद को उड़ा दिया। साथ ही साथ लगभग 30 लोगों को भी मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक एक हमलावर ने एक पुलिस वाले को भी गोली मार दी,जिससे उस पुलिस वाले की भी जान चली गई ।
मस्जिद में आत्मघाती हमले के बाद वहां के लोगों में काफी दहशत का माहौल है। घायलों का इलाज शुरू हो चुका है, जिसमें से कई घायलों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है । जानकारी मिल रही है कि मरने वालों का आंकड़ा 30 के पार भी पहुंच सकता है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है और उन्होंने इस हमले की घोर शब्दों में निंदा की है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें