पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने ढिल्लों के पक्ष में मांगे वोट, विजय बंसल भी रहे मौजूद
शनाया चौहान: जीरकपुर
पंजाब विधानसभा 2022 के चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक लगातार उम्मीदवारों के हक में वोट मांगते नजर आ रहे हैं। आज जीरकपुर के वार्ड नंबर 1 में डेराबस्सी कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र ढिल्लों के चुनाव प्रचार में हरियाणा के पूर्व उप मुख्यमंत्री चंद्रमोहन और विजय बंसल ने आकर ढिल्लों के पक्ष में जनता से वोटों की अपील की। इस मौके पर पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों डेराबस्सी में सबसे मजबूत उम्मीदवार के रूप में उभरकर सामने आए हैं और उनकी जीत को हलके की जनता बिल्कुल निश्चित कर चुकी है, सिर्फ ऐलान होना बाकी है। पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हलका डेराबस्सी से लेकर पंजाब तक विकास की लहर को जन्म देने के लिए कांग्रेस को जीताना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता जागरूक जनता है और यह जनता अपने कीमती वोट कांग्रेस को देकर कांग्रेस की सरकार का परचम पंजाब में लहराएगी।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों द्वारा पिछले 8 महीनों में जिस तरह के विकास कार्य हलका डेराबस्सी में कराए गए हैं, वह सब जनता के सामने हैं और जनता पूरे पंजाब में कांग्रेस को जीताने के लिए अपना मन बना चुकी है, क्योंकि जनता ने पिछले विधायक के झूठे वादों को समझना शुरू कर दिया है ।अब जनता सरदार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों को भारी मतों से जीत दिलाएगी। इस मौके पर विजय बंसल ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सरदार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों भारी मतों से हलका डेराबस्सी पर किला फतह करेंगे। उन्होंने कहा कि हलका डेराबस्सी आने वाले 10 मार्च को ढिल्लों को अपने अगले विधायक के रुप में पाएगा। इस मौके पर वार्ड एक से समाजसेवी और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता प्रताप सिंह राणा भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने भी सरदार दीपेंद्र सिंह ढिल्लों और पंजाब में कांग्रेस की सरकार आने के लिए पूरा विश्वास जताते हुए कहा कि जनता ने अपना फैसला ले लिया है और इस फैसले के तहत ढिल्लों ही डेराबस्सी से जीतेंगे और पंजाब में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन और विजय बंसल को सुनने के लिए बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें