भैया टिप्पणी पर चन्नी ने दी सफाई , यूपी बिहार के श्रमिकों के लिए नहीं की गई थी टिप्पणी: चन्नी
शनाया चौहान
यूपी बिहार के लिए *भैया टिप्पणी* पर चरणजीत सिंह चन्नी चारों तरफ से घिरते नजर आए। जिसके चलते अब उन्होंने अपनी सफाई पेश की है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि रूप नगर रोड शो के दौरान उन्होंने भैया शब्द की टिप्पणी यूपी बिहार के श्रमिकों के लिए नहीं की थी। उनके बयान को तोड़ मरोड़ कर जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ अन्य बड़े नेताओं द्वारा उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताने के बाद चन्नी ने ट्वीट किया।
चन्नी ने ट्विटर के माध्यम से अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके बयान को जिस तरह से तोड़ मरोड़ कर पेश किया गया है, वह सरासर एक गंदी राजनीति का खेल है। ओछी राजनीति करने वाले उनकी कही एक छोटी सी बात का गलत अर्थ बता कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं ।चन्नी ने ट्विटर पर वीडियो जारी करते हुए कहा कि उन्होंने श्रमिकों के लिए यह टिप्पणी नहीं की थी। उनका इशारा आम आदमी पार्टी और मोदी सरकार की तरफ था, जो यूपी और दिल्ली की तरह ही पंजाब को भी बर्बाद कर अपना निजी विकास करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रवासी अपनी मेहनत के बलबूते पंजाब को विकास की ओर ले कर गए हैं।
पंजाब के विकास में प्रवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और उनके लिए प्यार हमारे दिलों में है, जिसे कोई नहीं निकाल सकता ।
चन्नी ने कहा कि यह नेता पंजाब में आकर अराजकता फैलाना चाहते हैं और सरकार के खिलाफ भ्रम पैदा करना चाहते हैं ।इसीलिए उनकी कही एक बात को तोड़ मरोड़ कर किसी और ही तरीके से पेश किया गया।
चन्नी के बयान की निंदा होने पर प्रियंका गांधी भी उनका बचाव करते नजर आई थी। उन्होंने भी कहा कि चन्नी के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।
आपको बता दें कि चरणजीत सिंह चन्नी ने रूप नगर रोड शो के दौरान यूपी बिहार को लेकर *भैया टिप्पणी* की थी, जिसके चलते उनकी निंदा चारों और हुई थी ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी रैली के दौरान चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस हमेशा एक राज्य के लोगों को दूसरे राज्य के लोगों से लड़ने के लिए प्रेरित करती है। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी चन्नी के इस *भैया टिप्पणी* पर हमला बोलते हुए कहा था कि यह सब बकवास है। मैं चकित हूं कि लोग ऐसी बातें कैसे कह सकते हैं।
अरविंद केजरीवाल भी चन्नी की इस टिप्पणी पर वार करते हुए बोले थे कि यह बेहद शर्मनाक बयान है।
वहीं कांग्रेस का कहना है कि चन्नी के बयान को जानबूझकर अराजकता फैलाने के लिए तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। चन्नी एक जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं और जो पंजाब में पंजाबियों से लेकर प्रवासियों तक को एक नजर से देखते हैं। कांग्रेस ने कहा कि कांग्रेस कभी धर्म जात पात, समुदाय पर छिछोरी राजनीति नहीं करती। कांग्रेस ने कहा कि चन्नी के बयान को जिस तरह से लोगों को भ्रमित करने के लिए पेश किया जा रहा है, तो इस बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश करने वाले जनता को बेवकूफ ना समझे। जनता बहुत समझदार है और जो चुनावी खेल इस बयान की आड़ में खेला जा रहा है उससे जनता भ्रमित होने वाली नहीं है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें