चीफ विजिलेंस ऑफिसर के दरबार में पहुंचा अवैध निर्माणों का मुद्दा, जैक प्रतिनिधियों ने निकाय सचिव व सीवीओ को सौंपी शिकायत,नगर परिषद के अधिकारियों के किया जवाब तलब
शनाया चौहान: जीरकपुर।
जीरकपुर में चुनाव आचार संहिता की आड़ में चल रहे अवैध निर्माणों का मुद्दा गरमा गया है। जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुखदेव चौधरी के नेतृत्व में आज जैक सदस्यों ने स्थानीय निकाय विभाग के चीफ विजिलेंस ऑफिसर तथा निकाय विभाग के सचिव को एक पत्र देकर अवैध निर्माणों का मुद्दा उठाया। जैक प्रधान सुखदेव चौधरी के नेतृत्व में जैक सदस्य पी अवस्थी, एचएस चीमा, राहुल राजपाल, कुलविंदर सैनी, मोहन सिंह छत, पदमाकर अवस्थी तथा राकेश कुमार ने कहा कि पिछले दिनों नाभा साहिब गुरूद्वारा के पास स्ट्रीट लाइट लगाने का घोटाला भी नगर परिषद के बड़े घोटालों में से एक है जिसकी जांच विजिलेंस ऑफिसर के पास है जिन्होंने एमसी जीरकपुर के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस निकाला हुआ है।
इस समय चुनाव आचार संहिता का लाभ लेकर नगर परिषद के भ्रष्ट अधिकारी यहां बिल्डर माफिया के लिए काम करने में जुट गए हैं। जीरकपुर शहर में न केवल अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं बल्कि अवैध निर्माण भी किए जा रहे हैं।
बिल्डर माफिया ने यहां मास्टर प्लान में दिखाई गई 84 फुट की रोड में से 66 फुट को खत्म करके केवल बीस फुट तक समेट दिया है।
सुखदेव चौधरी ने कहा कि जीरकपुर में इस समय जहां भी जगह मिल रही है, वहीं पर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं। ढेरों खामियों के बावजूद कालोनियों को पास किया जा रहा है। जैक प्रतिनिधियों ने स्थानीय निकाय विभाग के सचिव तथा चीफ विजिलेंस ऑफिसर को दी शिकायत में दागी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि जीरकपुर नगर परिषद अधिकारियों के कारण प्रदेश सरकार को जो राजस्व की हानि हुई है उसकी भरपाई के लिए भी तुरंत कार्रवाई की जाए। सुखदेव चौधरी ने कहा कि जैक प्रतिनिधियों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर चीफ विजिलेंस ऑफिसर ने आश्वासन दिया है कि वह जल्द ही नगर परिषद से रिकार्ड तलब करके जांच करवाएंगे और शिकायत के साथ दिए गए दस्तावेजों के आधर पर एक टीम से जीरकपुर का निरीक्षण भी करवाएंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें