मनीमाजरा मोटर मार्केट की जर्जर सड़कें बनीं परेशानी का सबब, व्यापारी बोले – सबसे ज्यादा टैक्स देने के बावजूद कब सुधरेंगी सड़कें?


चंडीगढ़, 9 जून।

मनीमाजरा वार्ड नंबर 5 स्थित मोटर मार्केट, जिसे एशिया की सबसे बड़ी मोटर मार्केटों में से एक माना जाता है, आज अपनी बदहाल आंतरिक सड़कों के कारण गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। यह क्षेत्र चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम को करोड़ों रुपये का राजस्व एवं टैक्स प्रदान करता है, फिर भी यहां की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि मोटर मार्केट में प्रतिदिन पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों से हजारों लोग वाहन मरम्मत और स्पेयर पार्ट्स की खरीद के लिए आते हैं। लेकिन मार्केट की टूटी-फूटी सड़कें और जगह-जगह बने गड्ढे चंडीगढ़ की "सिटी ब्यूटीफुल" और "स्मार्ट सिटी" की छवि को धूमिल कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मोटर मार्केट के दुकानदारों और व्यापारियों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर भारी रोष है। व्यापारियों का कहना है कि वे चंडीगढ़ के सबसे बड़े टैक्सदाताओं में शामिल हैं और नियमित रूप से सभी करों का भुगतान करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं।

व्यापारियों ने प्रशासन से सवाल किया है कि "आखिर हम सबसे ज्यादा टैक्स देने के बावजूद ऐसी बदहाल सड़कों में रहने और काम करने को कब तक मजबूर रहेंगे? प्रशासन यह स्पष्ट करे कि मोटर मार्केट की सड़कें कब तक पूरी तरह ठीक की जाएंगी?"

व्यापारियों का कहना है कि सड़कें इतनी खराब हो चुकी हैं कि ग्राहकों, वाहन चालकों और दुकानदारों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है और व्यापार भी प्रभावित होता है।

राजबीर सिंह भारतीय ने चंडीगढ़ प्रशासन, नगर निगम और संबंधित सड़क विभाग से मांग की है कि मोटर मार्केट की आंतरिक सड़कों की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से प्रशासन को सबसे अधिक राजस्व प्राप्त होता है, वहां की ऐसी अनदेखी किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करेगा ताकि व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को राहत मिल सके तथा चंडीगढ़ की प्रतिष्ठा के अनुरूप बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान