सांसद मनीष तिवारी पर लगाए गए आरोपों का जनता देगी जवाब, जनता के मुद्दों पर काम कर रहे हैं सांसद
चंडीगढ़, भाजपा नेता संजय टंडन द्वारा सांसद मनीष तिवारी पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष आसिफ चौधरी ने कहा कि यह बयान पूरी तरह राजनीतिक है और वास्तविक तथ्यों से परे है। उन्होंने कहा कि सांसद मनीष तिवारी लगातार चंडीगढ़ की जनता के मुद्दों को संसद और केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाते रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता इमरान मंसूरी ने कहा कि चंडीगढ़ के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन वर्ष 2016 से नहीं बढ़ाई गई है। सांसद मनीष तिवारी कई बार संसद और संबंधित मंत्रालयों के समक्ष पेंशन बढ़ाने की मांग उठा चुके हैं। यदि केंद्र में भाजपा सरकार है, तो उसे यह बताना चाहिए कि आज तक बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की पेंशन में सम्मानजनक वृद्धि क्यों नहीं की गई, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि दड़ूमाजरा के कूड़े के पहाड़ का मुद्दा भी सांसद मनीष तिवारी लगातार उठाते रहे हैं। संसद से लेकर विभिन्न मंत्रालयों तक इस विषय को मजबूती से रखने और लगातार दबाव बनाने का परिणाम है कि दड़ूमाजरा डंपिंग ग्राउंड के निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी आई और कूड़े के पहाड़ को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए।
चंडीगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि सांसद मनीष तिवारी ने हाउसिंग बोर्ड के निवासियों, पुनर्वास कॉलोनियों के लोगों, कर्मचारियों, युवाओं और शिक्षा संस्थानों से जुड़े मुद्दों को भी लगातार उठाया है। चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश है, जहां कई महत्वपूर्ण निर्णय केंद्र सरकार और प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, फिर भी सांसद तिवारी लगातार जनता की आवाज़ को संसद तक पहुंचा रहे हैं।
चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश सचिव संजय भजनी ने कहा कि भाजपा नेताओं को केवल आरोप लगाने के बजाय यह बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ के विकास, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और आम जनता के हित में कौन-कौन से बड़े फैसले लिए हैं। जनता अब केवल बयानबाजी नहीं बल्कि वास्तविक काम और परिणाम देखना चाहती है।
पूर्व मेयर सुरेंद्र सिंह कहा कि चंडीगढ़ की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जनता काम करने वालों तथा केवल आरोप लगाने वालों के बीच अंतर स्वयं तय करेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें