21 साल पुराने शिवालिक गार्डन की अनदेखी से मनीमाजरा वासियों में रोष — सुविधाओं की कमी दूर करे प्रशासन : रामेश्वर गिरी व राजबीर सिंह भारतीय
"लगभग 20 एकड़ में बना शिवालिक गार्डन मनीमाजरा की पहचान, लेकिन रखरखाव और नई सुविधाओं का इंतजार"
मनीमाजरा का शिवालिक गार्डन लगभग 21 वर्ष पहले करीब 20 एकड़ भूमि में बनाया गया था। उस समय मनीमाजरा से पार्षद रहे सरदार सुरेन्द्र सिंह कार्पोरेशन के मेयर थे उन्होंने बताया है कि जब इस गार्डन का उद्घाटन किया गया तो ओपन एयर थियेटर भी उसी फाइल और प्रोजेक्ट का हिस्सा था। उनके द्वारा बार-बार आवाज उठाने और लिखित प्रयासों के बाद यह सुंदर पार्क क्षेत्रवासियों को मिला था। लेकिन इसके बाद इस पार्क में समय की जरूरत के अनुसार कोई बड़ा विकास कार्य नहीं हुआ।
समाजसेवी रामेश्वर गिरी और समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि आज शिवालिक गार्डन मनीमाजरा के हजारों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। दिन के समय भी यहां 400 से 500 लोग बैठे दिखाई देते हैं, जबकि सुबह और शाम यह संख्या हजारों तक पहुंच जाती है। इसके बावजूद पार्क में मूलभूत सुविधाओं की कमी चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी परेशानी बुजुर्गों को वॉशरूम की सुविधा को लेकर आती है। पार्क में अक्सर वॉशरूम बंद रहता है या ताला लगा मिलता है। एक गेट से दूसरे गेट तक जाने में बुजुर्गों को काफी परेशानी होती है। पहले रहे पार्षदों द्वारा भी अतिरिक्त वॉशरूम बनाने की मांग नगर निगम को लिखित रूप में दी गई थी, लेकिन फाइल अभी तक आगे नहीं बढ़ पाई।
उन्होंने कहा कि करीब 3 लाख आबादी वाले मनीमाजरा में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए "ओपन एयर थिएटर" की मांग कई वर्षों से लंबित है। यह मनीमाजरा वासियों के लिए दुर्भाग्य की बात है कि इतनी बड़ी आबादी के बावजूद यह सुविधा नहीं मिल पाई।
रामेश्वर गिरी और राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि छोटे बच्चे जब पार्क में क्रिकेट या अन्य खेल खेलते हैं तो कई बार कर्मचारियों द्वारा उनका सामान ले लिया जाता है, जबकि बच्चों के लिए खेलने की उचित जगह उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। मनीमाजरा में तीन पार्षद क्षेत्र होने के बावजूद बच्चों के लिए कोई बड़ा खेल मैदान नहीं होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। एकमात्र मैदान पर 24x7 पानी के पायलट प्रोजेक्ट के नाम पर प्रयोग किया गया, जो सफल नहीं हुआ जिसकी विजिलेंस जांच पैंडिग है और खेल का मैदान भी खत्म हो गया। मनीमाजरा निवासियों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने नगर निगम से मांग की कि:
पार्क में सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जाए।
बाहर लगे डस्टबिन और अंदर की सफाई की नियमित निगरानी हो।
पार्क में लगे कर्मचारियों की संख्या, ड्यूटी समय और मोबाइल नंबर सहित एक सूचना बोर्ड लगाया जाए।
सुरक्षा के लिए पूरी लाइट व्यवस्था की जाए।
खराब पड़े वाटर कूलर को ठीक करवाया जाए क्योंकि वर्तमान में वह गर्म पानी दे रहा है।
पार्क की हरियाली और घास को बचाने के लिए उचित देखभाल की जाए।
21 साल से लंबित ओपन एयर थिएटर निर्माण कार्य और पिछले काफी सालों से अतिरिक्त वॉशरूम की मांग को जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि शिवालिक गार्डन केवल एक पार्क नहीं बल्कि मनीमाजरा की जनता का साझा स्थान है। प्रशासन को इसकी ऐतिहासिक पहचान और जनता की जरूरतों को देखते हुए तुरंत ध्यान देना चाहिए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें