रेलवे की माल परिवहन व्यवस्था को अधिक सक्षम और जवाबदेह बनाया जाएगा — अश्विनी वैष्णव
देश के 15 राज्यों से आए प्रमुख व्यापारिक नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चांदनी चौक से सांसद तथा कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ़ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री परवीन खंडेवाल के नेतृत्व में कल रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से एक महत्वपूर्ण एवं संवादात्मक बैठक की। इस बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार सहित रेल मंत्रालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में रेलवे माल परिवहन प्रणाली को अधिक सक्षम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेह बनाने, विभिन्न राज्यों के रेलवे स्टेशनों को अधिक सुविधायुक्त बनाने तथा व्यापार से जुड़े अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने रेल माल ढुलाई से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं, ढांचागत सुधारों, पार्सल सेवा के विस्तार, डिजिटल प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा व्यापार-अनुकूल नीतियों को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर विचार कर आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन केंद्रीय रेल मंत्री ने दिया।
व्यापारिक नेताओं ने केंद्रीय रेल मंत्री द्वारा प्रत्येक विषय को अत्यंत सकारात्मक, गंभीर एवं संवेदनशील दृष्टिकोण से सुनने तथा त्वरित समाधान की भावना व्यक्त करने की सराहना की।
इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और विश्वस्तरीय परिवहन प्रणाली बनाने का कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे माल परिवहन को अधिक कुशल, भरोसेमंद और व्यापार-अनुकूल बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि रेलवे अपनी कंटेनर सेवा के माध्यम से देशभर में माल ढुलाई को अधिक सुविधापूर्ण बना चुका है और अब इसके और विस्तार पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक नेताओं के सुझाव रेलवे सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में सांसद परवीन खंडेवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण आज भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। रेलवे के आधुनिकीकरण, माल परिवहन प्रणाली के विस्तार, लॉजिस्टिक्स लागत कम करने तथा व्यापार को गति देने की दिशा में सरकार के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारिक समुदाय रेलवे के साथ मिलकर देश की आर्थिक प्रगति को और अधिक मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस बैठक में चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग भी उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विज़न की विशेष सराहना की गई जिसके अंतर्गत भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, तकनीकी रूप से उन्नत एवं वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे अवसंरचना, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, आधुनिक स्टेशन विकास, पार्सल सेवाओं के विस्तार एवं डिजिटलीकरण जैसे कदम देश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेंगे।
बैठक में विभिन्न राज्यों के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने राज्यों से जुड़े रेलवे विषय रखे तथा रेलवे मंत्रालय के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें