*संसद परिसर में “गद्दार” की भाषा राहुल गांधी की राजनीतिक गिरावट का सबूत : भाजपा*
चंडीगढ़ :
भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के मीडिया प्रभारी रवि रावत ने कहा कि आज संसद भवन परिसर के द्वार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के लिए “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग करना कांग्रेस की राजनीतिक गिरावट, हताशा और बौखलाहट का खुला प्रमाण है।
रवि रावत ने कहा कि राहुल गांधी की यह अमर्यादित टिप्पणी केवल एक सांसद पर व्यक्तिगत हमला नहीं है, बल्कि यह संसद, लोकतंत्र और विपक्ष के नेता जैसे संवैधानिक पद की गरिमा का सीधा अपमान है। जिस व्यक्ति से संयम, जिम्मेदारी और मर्यादा की अपेक्षा होती है, वही आज सार्वजनिक रूप से भाषा की सारी सीमाएं तोड़ता नजर आया।
उन्होंने कहा कि संसद भवन परिसर जैसे गरिमामय स्थान पर इस तरह की शब्दावली यह दर्शाती है कि कांग्रेस असहमति को तर्क से नहीं, बल्कि अपमान और गाली की राजनीति से दबाना चाहती है। राहुल गांधी का यह व्यवहार कांग्रेस की उसी मानसिकता को उजागर करता है, जो सत्ता से बाहर रहते हुए पूरी तरह असंतुलित हो जाती है।
रवि रावत ने सवाल किया कि क्या लोगों को “गद्दार” कहकर अपमानित करना अब कांग्रेस की आधिकारिक राजनीति बन चुकी है। देश की जनता राहुल गांधी की इस भाषा और सोच को देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, संसदीय गरिमा और मर्यादित राजनीति में विश्वास रखती है। राहुल गांधी को अपनी अमर्यादित टिप्पणी के लिए देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें