मुबारकपुर कबाड़ी ग्राउंड में लगी भीषण आग, फायर ब्रिगेड ने 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू




मुबारकपुर स्थित कबाड़ी ग्राउंड में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि आसमान तक काला धुआं फैल गया और लपटें लगभग 25 फीट ऊंचाई तक उठती रहीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अगर फायर ब्रिगेड की टीम समय पर न पहुंचती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर मौजूद समाजसेवी टोनी राणा ने तुरंत स्थिति को समझते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद फायर अधिकारी गुरचरण सिंह अपनी पूरी टीम के साथ मात्र 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने भी बाल्टियों और पाइप लाइनों के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु लपटें इतनी तेज थीं कि उन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।

आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि कबाड़ियों द्वारा अक्सर सुबह 4 बजे के आसपास बिजली की तारें और केमिकल जलाए जाते हैं, जिससे पूरे गांव में बदबू फैल जाती है। संभावना जताई जा रही है कि इसी कारण आग भड़क उठी।

गांव की आबादी के बीच खतरा बने कबाड़ी गोदाम

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि मुबारकपुर और मीरपुर के आसपास कई कबाड़ी गोदाम गांव की आबादी के बीच बने हुए हैं। इनमें अखबार, प्लास्टिक, लिफाफे और ज्वलनशील केमिकल जैसी खतरनाक वस्तुएं रखी जाती हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकती हैं।
कई मकान मालिक किराए के लालच में ऐसे गोदामों को अपनी जमीनें दे रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में खतरा मंडरा रहा है।

गांव के बीच बैठे कुछ कबाड़ियों के गोदाम गोल्डन पाम सोसाइटी, महाराणा प्रताप स्टेडियम के पास सैदपुर रोड और मुबारकपुर-डेराबस्सी रोड के नजदीक स्थित हैं। अगर इनमें आग लगती है, तो यह आसपास की पूरी आबादी के लिए बड़ा संकट बन सकता है।

टोनी राणा की प्रशासन से अपील

मौके पर मौजूद टोनी राणा ने डीएसपी सरदार विक्रमजीत सिंह बराड़ से अपील की है कि मुबारकपुर व मीरपुर क्षेत्र में चल रहे इन कबाड़ी गोदामों को गांव की आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से लोगों की जान को खतरा न हो।

प्रशासन बना मौन दर्शक

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर काउंसिल और पुलिस प्रशासन इस गंभीर मुद्दे से पूरी तरह बेखबर या उदासीन नज़र आ रहा है। न तो किसी प्रकार की कार्रवाई की जा रही है और न ही निरीक्षण। लोगों का कहना है कि प्रशासन शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भारत विकास परिषद ने स्थापना दिवस पर लड़कियों के लिए खोला सिलाई सेंटर

टी सी टेरीटेक्स लिमिटेड, सरसिनी, लालरू में भव्य जन्मदिन समारोह

“सिल्वर सिटी थीम्स में भव्य रक्तदान शिविर: 75 यूनिट रक्त संग्रह, कैंसर मरीजों के लिए बना जीवनदान