शहर वासियों की समस्याओं के समाधान को जैक बनाएगी 31 वार्ड कमेटियां, नगर परिषद में जायज कामों के भी देने पड़ रहे हैं पैसे
शनाया चौहान :जीरकपुर।
जीरकपुर शहर में फैली अव्यवस्था और नगर परिषद व अन्य सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार तथा आम जनता की सुनवाई नहीं होने से तंग आकर जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन ने यहां के सभी वार्डों में जन प्रतिनिधि कमेटियों का गठन करने का फैसला किया है। यह कमेटियां नगर परिषद, तहसील तथा अन्य सरकारी विभागों में जनता को हो रही परेशानी की शिकायतों को सुनकर जैक के माध्यम से जनता की लड़ाई लड़ेंगे।
जैक प्रधान सुखदेव चौधरी की मौजूदगी में हुई आपात बैठक में मोहन सिंह छत्त, पी अवस्थी, हरबक्श सिंह चीमा, कुलविंदर सैनी, बीएस वासुदेव, विनय कुमार तथा रूप राम ने भाग लिया।
सुखदेव चौधरी ने बताया कि जीरकपुर नगर परिषद में भ्रष्टाचार के सभी रिकार्ड टूट चुके हैं। जिसका खामियाजा यहां की आम जनता भुगत रही है।
सुखदेव चौधरी ने कहा कि आज हालात यह बन चुके हैं कि नगर परिषद व अन्य सरकारी दफ्तरों में लोगों को अपने जायज कामों के लिए पैसे देने पड़ रहे हैं। आम जनता की सुनवाई नहीं होने के चलते जैक रैजीडेंटस वैलफेयर एसोसिएशन ने शहर के सभी 31 वार्डों में जैक कमेटियां गठित करने का फैसला किया है। इसके लिए 23 जनवरी को मैक्सस एलेंजा नगला रोड़ जीरकपुर में एक बैठक बुलाई गई है।
चौधरी ने बताया कि जैक द्वारा गठित कमेटी की वार्ड स्तर पर डयूटी लगाई जाएगी। यह कमेटी आम लोगों को आने वाली परेशानी के मद्देनजर वार्ड स्तर पर उनकी शिकायतें सुनेगी। इसके बाद इन शिकायतों का निपटारा करने के लिए जैक द्वारा अपने स्तर पर प्रयास करके जनता के साथ होने वाली लूट को बचाया जाएगा। चौधरी ने कहा कि 23 जनवरी की बैठक में वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन करके आगामी रणनीति तय की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें